चेन्नई, 20 जुलाई (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स के पांचवें दौर में सोमवार को यहां काले मोहरों से खेलते हुए विश्व चैंपियन डी. गुकेश पर शानदार जीत दर्ज की और संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर पहुंच गए।
टूर्नामेंट में अब केवल दो दौर बाकी हैं। एरिगैसी और फ्रांस के ग्रैंडमास्टर अलीरेजा फिरोजा 3.5-3.5 अंकों के साथ संयुक्त बढ़त पर हैं। वहीं, उज्बेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने भी काले मोहरों से जीत हासिल कर खिताबी दौड़ में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। वह तीन अंकों के साथ शीर्ष खिलाड़ियों से केवल आधा अंक पीछे हैं।
इस प्रतियोगिता में आठ ग्रैंडमास्टर राउंड-रॉबिन प्रारूप में मुकाबला कर रहे हैं। टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि 75 लाख रुपये है और इसमें खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण फिडे सर्किट अंक भी हासिल होंगे।
चौथे दौर के सभी मुकाबले ड्रॉ रहने के बाद अब्दुसत्तोरोव ने पांचवें दौर में भारतीय ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन के खिलाफ काले मोहरों से आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने धीरे-धीरे अपनी पकड़ मजबूत करते हुए निहाल पर दबाव बढ़ाया और 38 चालों के बाद उन्हें हार मानने के लिए मजबूर कर दिया।
एरिगैसी ने काले मोहरों से बेहद संतुलित खेल दिखाया और गुकेश की गलतियों का भरपूर लाभ उठाते हुए 63वीं चाल पर जीत दर्ज की।
अलीरेजा फिरोजा को पांचवें दौर में ग्रैंडमास्टर दिमित्री आंद्रेइकिन के खिलाफ 41 चालों के बाद ड्रॉ से संतोष करना पड़ा।
भाषा आनन्द
आनन्द