टोयोटा (जापान), 20 सितंबर (भाषा) भारतीय महिला टीम ने रविवार को यहां आइची-नागोया एशियाई खेलों की टेबल टेनिस प्रतियोगिता के ग्रुप एफ के अपने दूसरे मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए सिंगापुर को 3-2 से हराया जबकि पुरुष टीम को ग्रुप एफ के अपने दूसरे मुकाबले में ईरान के हाथों 0-3 से हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय महिला टीम एक समय 1-2 से पिछड़ रहा था, लेकिन श्रीजा अकुला और यशस्विनी घोरपड़े ने अहम मैच जीतकर टीम को यादगार जीत दिलाई।
भारत की ओर से मुकाबले की शुरुआत यशस्विनी ने की। उन्होंने जियान जेंग को 11-7, 11-3, 8-11, 11-9 से हराकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई।
दूसरे मैच में श्रीजा को लॉय मिंग के खिलाफ कड़े संघर्ष में 8-11, 11-4, 9-11, 11-4, 6-11 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद दीया चिताले भी तान झाओ से 7-11, 4-11, 11-7, 5-11 से हार गईं और सिंगापुर ने 2-1 की बढ़त बना ली।
भारत के लिए चौथा मैच करो या मरो का था। श्रीजा ने पहले मैच की हार से उबरते हुए जियान जेंग को 6-11, 11-3, 11-7, 11-4 से शिकस्त दी और मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया।
निर्णायक मैच में यशस्विनी ने लॉय मिंग को 5-11, 11-8, 12-10, 4-11, 11-9 से हराकर भारत की जीत पक्की कर दी। इस तरह भारतीय टीम ने पिछड़ने के बाद शानदार जुझारूपन दिखाते हुए 3-2 से मुकाबला अपने नाम किया।
पुरुष टीम के लिए मुकाबला निराशाजनक रहा। हरमीत देसाई को छोड़कर कोई भी भारतीय खिलाड़ी ईरान के सामने कड़ी चुनौती पेश नहीं कर सका।
पहले मैच में मानुष शाह को नोशाद अलामियान के हाथों 3-11, 8-11, 10-12 से हार झेलनी पड़ी। इसके बाद मानव ठक्कर भी बेन्यामिन फराजी से 2-11, 6-11, 6-11 से हार गए। इन लगातार दो हार के साथ भारत 0-2 से पिछड़ गया।
हरमीत ने तीसरे मैच में संघर्ष करने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह भी अलामियान के खिलाफ 10-12, 15-13, 3-11, 12-10, 2-11 से हार गए। इसके साथ ही ईरान ने मुकाबला 3-0 से अपने नाम कर लिया।
अब भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों का अगला मुकाबला सोमवार को पाकिस्तान से होगा।
इससे पहले भारत की पुरुष और महिला टीम ने अपने अभियान की शुरुआत अपने-अपने ग्रुप एफ मुकाबलों में इंडोनेशिया पर 3-0 की समान जीत के साथ की।
महिला टीम के लिए श्रीजा, दीया और यशस्विनी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई।
श्रीजा ने पहले मैच में नी महारानी को 3-1 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। श्रीजा ने पहला गेम जीतने के बाद दूसरा गेम 8-11 से गंवाया लेकिन इसके बाद वापसी करते हुए अगले दोनों गेम 11-4, 11-4 से जीत लिए।
दीया ने इसके बाद अल्माइरा नेबुचदनेज्जर को 3-0 से हराकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। दीया ने 11-9, 11-8, 11-5 से जीत दर्ज की और भारत को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
यशस्विनी ने तीसरे मैच में चित्रा रस्मी को 3-0 से हराकर भारत की जीत सुनिश्चित की। यशस्विनी ने 12-10, 11-4, 11-4 से जीत दर्ज की।
पुरुष टीम ने भी 3-0 की शानदार जीत दर्ज की। हालांकि दूसरे मुकाबले में उसे कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा।
जी साथियान ने मुहम्मद नेगारा को 11-8, 11-7, 11-9 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई।
इसके बाद मानव ने मुहम्मद जुनिंद्रा के खिलाफ पांच गेम तक चले मुकाबले में 3-2 से जीत दर्ज की। मानव ने पहला गेम 11-7 से जीता लेकिन दूसरा गेम 8-11 से गंवा दिया। उन्होंने तीसरा गेम 11-6 से जीतकर फिर बढ़त हासिल की।
जुनिंद्रा ने चौथा गेम 11-6 से जीतकर मुकाबला निर्णायक गेम तक पहुंचाया लेकिन मानव ने धैर्य बनाए रखते हुए पांचवां गेम 11-9 से जीत लिया।
मानुष ने इसके बाद अफान प्रतामा को 11-9, 11-9, 12-10 से हराकर पुरुष टीम को जीत दिलाई।
महिला ग्रुप एफ में भारत के साथ इंडोनेशिया, पाकिस्तान और सिंगापुर हैं।
पुरुष टीम को ईरान, पाकिस्तान और इंडोनेशिया के साथ ग्रुप एफ में रखा गया है।
भाषा सुधीर आनन्द नमिता
नमिता