कम उछाल वाले कोर्ट पर चुंग ने मुझ से बेहतर खेल दिखाया: नागल
कम उछाल वाले कोर्ट पर चुंग ने मुझ से बेहतर खेल दिखाया: नागल
… अमनप्रीत सिंह …
सियोल, 18 सितंबर (भाषा) भारत के सुमित नागल ने गेंद के कम उछाल को अपनी परेशानी की वजह करार देते हुए माना कि कोरिया के खिलाफ डेविस कप मुकाबले में शुक्रवार को ह्योन चुंग उनसे बेहतर खिलाड़ी साबित हुए। वापसी कर रहे दक्षिण कोरिया के खिलाड़ी ने तीन घंटे तक चले कड़े मुकाबले में नागल को 6-4, 4-6, 7-5 से हराकर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। इससे पहले दक्षिणेश्वर सुरेश को सूनवू क्वोन ने 6-3, 3-6, 4-6 से हराया था। मैच के बाद नागल ने कहा, ‘‘यह लंबा दिन था। मुझे कड़े मुकाबले की उम्मीद थी और मुकाबला वैसा ही रहा। दूसरे सेट में मेरे पास मौके थे, लेकिन मैं उन्हें भुना नहीं सका। मैंने मौके का फायदा उठाने की कोशिश की लेकिन चूक गया। इसके बाद मैच का रुख काफी हद तक बदल गया।’’ नागल के मुताबिक, ओलंपिक पार्क टेनिस सेंटर की परिस्थितियों में चुंग की मजबूत रक्षात्मक शैली को भेदना मुश्किल था। चोटों के कारण करियर पटरी से उतरने के बाद चुंग शीर्ष स्तर की टेनिस में वापसी की कोशिश कर रहे हैं। नागल ने कहा, ‘‘कोर्ट की रफ्तार ठीक है, लेकिन परिस्थितियां थोड़ी ‘डेड’ हैं। अगर सामने वाला खिलाड़ी रक्षात्मक खेल में बहुत अच्छा हो तो उसे दबाव में लाना आसान नहीं होता। मुझे लगा कि चुंग ने बहुत अच्छी रक्षात्मक टेनिस खेली।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब गेंद थोड़ी पुरानी हो जाती है तो उसमें गति और मूवमेंट पैदा करना मुश्किल होता है। मुझे लगा कि आज वह इस मामले में मुझसे बेहतर रहा।’’ चुंग ने कहा कि नागल की चुनौती से पार पाने में घरेलू दर्शकों और अपने कोचों से मिली प्रेरणा ने उनकी मदद की। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह सुनिश्चित करना था कि प्रशंसकों को वह मुकाबला देखने को मिले जिसकी वे उम्मीद कर रहे थे। साथ ही, मैं उन कोचों के लिए भी खेल रहा था जो मेरी वापसी के बाद मेरे खेल पर काम कर रहे हैं।’’ इससे पहले क्वोन ने शुरुआती सेट में घबराहट पर काबू पाते हुए सुरेश को हराकर दक्षिण कोरिया को मुकाबले में बढ़त दिलाई। क्वोन ने कहा, ‘‘मैं शुरुआती सेट में काफी घबराया हुआ था, इसलिए मुझसे गलतियां हुईं। लेकिन दूसरे सेट में मैंने उसकी सर्विस का पैटर्न समझ लिया और उसके मुताबिक खेला।’’ दक्षिणेश्वर ने स्वीकार किया कि महत्वपूर्ण मौकों पर उन्होंने जल्दबाजी की। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगा कि शायद मैं कुछ ज्यादा ही जल्दबाजी कर रहा था। मैं कल के मैच में अपनी गलतियों को दोहराने से बचने की कोशिश करूंगा।’’ दो मुकाबलों में पिछड़ने के बावजूद नागल ने कहा कि भारत का पूरा ध्यान पहले युगल मुकाबले पर रहेगा और उसके बाद उलट एकल के बारे में सोचा जाएगा। भाषा आनन्द पंतपंत

Facebook


