बीसीसीआई एजीएम: अजीत अगरकर के भविष्य पर फैसला लेने के लिए पदाधिकारी ‘अधिकृत’

बीसीसीआई एजीएम: अजीत अगरकर के भविष्य पर फैसला लेने के लिए पदाधिकारी ‘अधिकृत’

बीसीसीआई एजीएम: अजीत अगरकर के भविष्य पर फैसला लेने के लिए पदाधिकारी ‘अधिकृत’
Modified Date: September 18, 2026 / 05:18 pm IST
Published Date: September 18, 2026 5:18 pm IST

… देवार्चित वर्मा …

मुंबई, 18 सितंबर (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में सदस्य इकाइयों ने चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के कार्यकाल को विस्तार देने या उनके स्थान पर नया अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला बोर्ड के पदाधिकारियों पर छोड़ दिया। मौजूदा चयन समिति के अध्यक्ष अगरकर का कार्यकाल चार अक्टूबर को समाप्त होने वाला है। ऐसे में बीसीसीआई उनके स्थान पर नए अध्यक्ष की तलाश कर सकता है। बैठक के बाद बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “चयन समितियों से जुड़े मामलों पर फैसला लेने के लिए पदाधिकारियों को अधिकृत किया गया है।” उन्होंने अगरकर के भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया। बीसीसीआई की 95वीं एजीएम में बोर्ड से संबद्ध राज्य क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में बंगाल क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि और भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली तथा कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि और पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद भी मौजूद रहे। सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष के भविष्य के अलावा बीसीसीआई जूनियर चयन समिति के सभी पांच पदों को भरने की प्रक्रिया पर भी विचार कर रहा है। इस बीच, मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड से अनुरोध किया है कि प्रमुख मुकाबलों के आवंटन में मुंबई को भी ध्यान में रखा जाए। राज्य क्रिकेट संघ के सचिव उन्मेष खानविलकर ने यह जानकारी दी। प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में टेस्ट मैच हुए करीब दो साल हो चुके हैं। यहां पिछला टेस्ट 2024 के अंत में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला गया था। शहर में होने वाले आगामी क्रिकेट मुकाबलों में अगले साल की शुरुआत में पहली बार आयोजित होने वाली महिला चैंपियंस लीग और महिला प्रीमियर लीग के कुछ मुकाबले भी शामिल हैं। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव और भारत के पूर्व क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट को रांची से स्थानांतरित किए जाने की जानकारी होने से इनकार किया। तिवारी ने यहां संवाददाताओं से कहा, “यह खबर मेरे लिए नयी है। इस संबंध में अगर बीसीसीआई को किसी को पत्र लिखना है तो वह मुझे ही लिखना होगा। मैंने ऐसा कोई पत्र नहीं लिखा है। एजीएम में इस बारे में बिल्कुल भी चर्चा नहीं हुई।” भाषा आनन्द मोनामोना


लेखक के बारे में