कोको गॉफ का अभियान समाप्त, नाओमी ओसाका अगले दौर में

कोको गॉफ का अभियान समाप्त, नाओमी ओसाका अगले दौर में

कोको गॉफ का अभियान समाप्त, नाओमी ओसाका अगले दौर में
Modified Date: May 31, 2026 / 10:30 am IST
Published Date: May 31, 2026 10:30 am IST

पेरिस, 31 मई (एपी) मौजूदा चैंपियन कोको गॉफ का फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल में खिताब का बचाव करने का सफर तीसरे दौर में ही थम गया लेकिन नाओमी ओसाका ने अपना शानदार अभियान जारी रखा।

गॉफ को इस मैच में एक ऐसी खिलाड़ी ने पराजित किया जिसने लंबी बेसलाइन रैलियों और कोर्ट कवरेज में इस अमेरिकी खिलाड़ी का डटकर मुकाबला किया।

यह खिलाड़ी अनास्तासिया पोटापोवा थीं, जिन्होंने शनिवार को तीसरे दौर में गॉफ पर 4-6, 7-6 (1), 6-4 से जीत हासिल की।

इससे पहले ओसाका ने अपने 100वें ग्रैंड स्लैम मैच में लगभग तीन घंटे में 18 वर्षीय अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी इवा जोविक को 7-6 (5), 6-7 (3), 6-4 से हराया।

ओसाका का अगला मुकाबला नंबर एक खिलाड़ी एरीना सबालेंका से होगा जिन्होंने डारिया कसाटकिना को 6-0, 7-5 से हराया।

पुरुष वर्ग में अलेजांद्रो तबिलो ने 17 वर्षीय फ्रांसीसी खिलाड़ी मोइसे कौमे को 4-6, 6-3, 6-4, 7-6 (9) से पराजित किया। उनका सामना अब फेलिक्स ऑगर-एलियासिमे से होगा, जिन्होंने अमेरिका के ब्रैंडन नाकाशीमा को 5-7, 6-1, 7-6 (4), 7-6 (1) से हराया।

जुआन मैनुअल सेरुंडोलो ने विश्व के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर को हराने के बाद फिर से पांच सेट की जीत दर्ज की। उन्होंने मार्टिन लैंडालुस को पांच घंटे, 58 मिनट में 6-4, 6-7 (7), 7-6 (4), 6-7 (4), 7-6 (8) से हराया।

सेरुंडोलो का अगला मुकाबला 2021 में विंबलडन के फाइनलिस्ट रहे माटेओ बेरेटिनी से होगा, जिन्हें फ्रांसिस्को कोमेसाना को 7-6 (3), 5-7, 6-7 (4), 6-4, 7-6 (13) से हराने में पांच घंटे, 13 मिनट लगे।

फ्लेवियो कोबोली ने लर्नर टिएन को 6-2, 6-2, 6-3 से हराया और अब उनका सामना अमेरिकी खिलाड़ी ज़ैचरी स्वाज्दा से होगा, जिन्होंने फ्रांसिस्को सेरुंडोलो को 6-3, 6-4, 3-6, 4-6, 6-3 से पराजित किया।

अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो ने पुर्तगाल के क्वालीफायर जैमे फारिया को 4-6, 6-7 (2), 7-6 (4), 6-1, 6-2 से हराया। ​​अब उनका अगला मुकाबला मैटियो अर्नाल्डी से होगा।

एपी

पंत

पंत


लेखक के बारे में