फर्जी ‘मुफ्त स्ट्रीमिंग’ एप से फीफा विश्व कप प्रशंसकों को फंसा रहे साइबर ठग, केरल पुलिस
फर्जी ‘मुफ्त स्ट्रीमिंग’ एप से फीफा विश्व कप प्रशंसकों को फंसा रहे साइबर ठग, केरल पुलिस
तिरूवनंतपुरम, 11 जून (भाषा) केरल पुलिस ने बृहस्पतिवार को चेतावनी जारी करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर फीफा विश्व कप 2026 के मुकाबलों को मुफ्त में दिखाने का दावा करने वाले नकली ओटीटी एप के माध्यम से फुटबॉल प्रशंसकों को साइबर धोखाधड़ी का निशाना बनाया जा रहा है।
राज्य पुलिस मीडिया सेंटर ने एक बयान में कहा कि यह फर्जीवाड़ा फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम, वाट्सएप और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ‘फीफा विश्व कप लाइव फ्री’, ‘1000+ टीवी चैनल फ्री’ और ‘प्रीमियम ओटीटी कंटेट फ्री’ जैसे आकर्षक विज्ञापनों के जरिए शुरू होता है।
बयान में कहा गया है कि इन विज्ञापनों में फर्जी एप असली एप जैसे दिखते हैं।
इन एप को इंस्टॉल करने के बाद यूजर्स को सॉफ्टवेयर अपडेट, सब्सक्रिप्शन एक्टिवेशन और अलग-अलग सेवाएं को चालू करने के लिए कहा जाता है।
जब यूजर इन निर्देशों को मान लेता है तो एप एक्सेसिब्लिटी सर्विस, स्क्रीन ओवरले और नोटिफिकेशन एक्सेस जैसी अनुमतियां ले लेता है।
पुलिस ने कहा कि इससे फोन की सुरक्षा प्रणाली कमजोर हो जाती है जिससे धोखाधड़ी करने वाले मालिक की जानकारी या सहमति के बिना अलग-अलग एप तक पहुंच सकते हैं।
इसमें कहा गया है कि इसके बाद फर्जीवाड़ा करने वाले फोन का नियंत्रण ले लेते हैं और यूपीआई एप के जरिए यूजर्स के बैंक खातों से गैर-कानूनी तरीके से पैसे निकाल लेते हैं।
पुलिस ने फीफा विश्व कप मैच देखने के लिए सोशल मीडिया के जरिए मिली एप फाइल को इंस्टॉल नहीं करने की चेतावनी दी और सलाह दी कि एप केवल गूगल प्लेस्टोर और एपल एप स्टोर जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही डाउनलोड करें।
फीफा विश्व कप 11 जून को शुरू होगा और 19 जुलाई को समाप्त होगा।
भाषा नमिता
नमिता

Facebook


