चीन में दीपक और पूनम जीते, सात अन्य भारतीय मुक्केबाज हारे

Ads

चीन में दीपक और पूनम जीते, सात अन्य भारतीय मुक्केबाज हारे

  •  
  • Publish Date - June 15, 2026 / 09:27 PM IST,
    Updated On - June 15, 2026 / 09:27 PM IST

गुइयांग (चीन), 15 जून (भाषा) दीपक और पूनम सोमवार को यहां मुक्केबाजी विश्व कप (चरण दो ) के पहले दिन जीत दर्ज करके अगले दौर में पहुंचे जबकि सात अन्य भारतीय मुक्केबाजों को हार का सामना करना पड़ा।

महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग में पूनम शुरुआती दौर (राउंड ऑफ 32) में उज्बेकिस्तान की अजीजा योकुबोवा पर 5-0 से शानदार जीत दर्ज करके दूसरे दौर में पहुंची।

पुरुषों के 70 किग्रा वर्ग में भी ऐसा ही दबदबा दिखाते हुए दीपक अगले दौर में पहुंचे। उन्होंने शुरुआती दौर में तुर्कमेनिस्तान के बायरामदुरडी नूरमुहम्मदोव को सर्वसम्मति से 5-0 से हराया।

हालांकि अन्य भारतीय मुक्केबाज आगे नहीं बढ़ सके।

राउंड ऑफ 16 के शुरुआती दौर में ऋषि सिंह (50 किग्रा) अजरबैजान के सुभान मामेदोव से हार गए जबकि सनामाचा चानू थोकचोम (75 किग्रा) कनाडा की तमारा थिबॉल्ट से हार गईं।

पुरुषों के 90 किग्रा वर्ग में सावन गिल भी नॉर्वे के ओमर शिहा से हारकर बाहर हो गए।

अन्य मुकाबलों में अनमोल (60 किग्रा) को अमेरिका के सलीम एलिस बे ने करीबी मुकाबले में 3-2 से हराया। हर्ष चौधरी (90 किग्रा) तीसरे राउंड में चोट के कारण रैफरी द्वारा मुकाबला रोके जाने के नियम के तहत स्वीडन के एल्विन बेलेजिका से हार गए।

क्वार्टर फाइनल में भी भारत को निराशा हाथ लगी जब महिलाओं के 80 किग्रा वर्ग में नैना चीन की शियाओमेंग वांग से हार गईं जबकि महिलाओं के 90 किग्रा से अधिक वर्ग में अल्फिया तरन्नुम अकरम खान पठान पोलैंड की एल्जबिएटा वोजसिक से हार गईं।

अब दीपक और पूनम टूर्नामेंट में भारत की चुनौती को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे।

भाषा सुधीर

सुधीर