एथलेटिक्स सीरीज 11 मीट में ओडिशा का दबदबा

Ads

एथलेटिक्स सीरीज 11 मीट में ओडिशा का दबदबा

  •  
  • Publish Date - June 15, 2026 / 08:21 PM IST,
    Updated On - June 15, 2026 / 08:21 PM IST

कोलकाता, 15 जून (भाषा) ओडिशा के एथलीटों का सोमवार को साइ सॉल्ट लेक में हुई इंडियन एथलेटिक्स सीरीज 11 में दबदबा रहा लेकिन कई स्पर्धाओं से आखिरी समय में नाम वापस लेने के कारण बहुत कम प्रतिभागी शामिल हुए।

देश के कुछ प्रमुख एथलीटों के नहीं आने से इस प्रतियोगिता की चमक फीकी पड़ गई। स्टार फर्राटा धावक अनिमेष कुजूर, एशियाई चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता आभा खटुआ और एशियाई खेलों की पूर्व चैंपियन हिमा दास के नाम शुरुआती सूचियों में थे लेकिन वे प्रतिस्पर्धा के लिए नहीं पहुंचे।

महिलाओं के भाला फेंक में शुरू में 12 खिलाड़ियों के नाम थे लेकिन सभी प्रतिभागियों के नाम वापस लेने के बाद सिर्फ एक प्रतियोगी बची। ओडिशा की अर्पिता अर्चना साहू अकेली प्रतिभागी थीं और उन्होंने 42.23 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो दर्ज किया।

पुरुषों की गोला फेंक स्पर्धा में चार प्रविष्टियां होने के बावजूद सिर्फ दो एथलीट शामिल हुए। महाराष्ट्र के राहुल कृष्णा ने 15.54 मीटर के थ्रो के साथ खिताब जीता जबकि अभिषेक सिंह 13.88 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

ओडिशा के एथलीटों ने मौकों का भरपूर फायदा उठाया।

डोंडापति एम ने 10.56 सेकेंड के समय से पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा का खिताब जीता और बाद में 200 मीटर में दूसरे स्थान पर रहे।

ओडिशा के ही अस्तिक प्रधान ने 21.29 सेकेंड के समय से 200 मीटर स्पर्धा जीती।

मौसमी रॉय उत्तम ने महिलाओं की 100 मीटर दौड़ 12.06 सेकेंड में जीतकर ओडिशा के लिए एक और खिताब हासिल किया।

दिन का सबसे कड़ा मुकाबला महिलाओं की 5,000 मीटर दौड़ में देखने को मिला जहां महाराष्ट्र की अनुभवी संजीवनी जाधव ने दो बार की एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता हरमिलन बैंस को पीछे छोड़ दिया।

संजीवनी ने 16 मिनट 47.16 सेकेंड का समय लेकर हरमिलन (16 मिनट 47.43 सेकेंड) को पछाड़ा।

वायुसेना के मिजो चाको कुरियन ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ 46.52 सेकेंड में जीती जबकि उत्तर प्रदेश के श्याम मिलन बिंद ने पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में एक मिनट 49.93 सेकेंड के समय से शीर्ष स्थान हासिल किया।

रेलवे के रवि गुलिया ने पुरुषों की 5,000 मीटर दौड़ 14 मिनट 09.94 सेकेंड में जीती जबकि ओडिशा के जीवनमुक्ति बिलुंग 7.28 मीटर की छलांग के साथ पुरुषों की लंबी कूद में शीर्ष पर रहे।

भाषा सुधीर

सुधीर