दीपिका के नौ गोल से भारतीय महिला हॉकी टीम ने थाईलैंड को 20 . 1 से हराया
दीपिका के नौ गोल से भारतीय महिला हॉकी टीम ने थाईलैंड को 20 . 1 से हराया
काकामिगाहारा, 23 सितंबर (भाषा ) ड्रैग फ्लिकर दीपिका के रिकॉर्ड नौ गोल की मदद से भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए बुधवार को पूल बी के मैच में थाईलैंड को 20 . 1 से हराया ।
भारत के लिये दीपिका ने (दूसरा, आठवां, नौवां, 24वां, 33वां, 36वां, 39वां, 51वां और 57वां मिनट ) ने पेनल्टी कॉर्नर पर नौ गोल दागे । अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर ने चार (चौथा मिनट, 29वां, 35वां और 51वां ) और रूतुजा पिसाल ने तीन (10वां, 11वां और 47वां ) गोल किये ।
वहीं अनुभवी मिडफील्डर नेहा (19वां), लालरेम्सियामी (26वां), साक्षी राणा (29वां) और कप्तान सलीमा टेटे (45वां) ने एक एक गोल किये ।
दीपिका ने उजबेकिस्तान के खिलाफ मैच में आठ गोल करके एक मैच में सर्वाधिक गोल का रिकॉर्ड बनाया था जिसे उन्होंने आज बेहतर किया ।
भारत ने पहले क्वार्टर में छह, दूसरे और तीसरे क्वार्टर में पांच पांच और आखिरी क्वार्टर में चार गोल किये ।
थाईलैंड के लिये एकमात्र गोल 57वें मिनट में सुपांसा सामांसो ने पेनल्टी कॉर्नर वैरिएशन पर किया । भारत का सामना अब शुक्रवार को जापान से होगा ।
भारत ने इससे पहले उजबेकिस्तान को 19 . 0 और इंडोनेशिया को 17 . 1 से हराया था । दीपिका ने उजबेकिस्तान के खिलाफ आठ और इंडोनेशिया के खिलाफ तीन गोल किये थे ।
पूल बी में तीनों मैच जीतकर भारत शीर्ष पर है ।हर पूल से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल खेलेंगी ।
भाषा
मोना
मोना

Facebook


