एशियाई खेलों में भारतीय महिला और पुरूष स्कीट टीम को कांस्य, व्यक्तिगत स्पर्धा में झोली खाली

एशियाई खेलों में भारतीय महिला और पुरूष स्कीट टीम को कांस्य, व्यक्तिगत स्पर्धा में झोली खाली

एशियाई खेलों में भारतीय महिला और पुरूष स्कीट टीम को कांस्य, व्यक्तिगत स्पर्धा में झोली खाली
Modified Date: September 23, 2026 / 01:44 pm IST
Published Date: September 23, 2026 1:44 pm IST

नागोया, 23 सितंबर (भाषा) भारतीय पुरूष और महिला स्कीट टीमों ने बुधवार को यहां एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीते लेकिन व्यक्तिगत वर्ग में झोली खाली रही जिसमें फाइनल में तीन में से दो भारतीय निशानेबाज चौथे स्थान पर रहे ।

तीन दिन के क्वालीफिकेशन दौर के बाद भारत की रायजा ढिल्लों, माहेश्वरी चौहान और परिनाज धालीवाल की महिला स्कीट टीम ने बुधवार को यहां 331 के संयुक्त स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता । यह एशियाई खेलों में महिला स्कीट स्पर्धा में भारत का पहला पदक है ।

चीन (357) को स्वर्ण और कजाखस्तान (336) को रजत पदक मिला ।

परिनाज़ और रायजा दोनों ने 125 में से 111 अंक, जबकि माहेश्वरी ने 109 अंक हासिल करके पोडियम स्थान प्राप्त किया।

रायजा और परिनाज ने व्यक्तिगत फाइनल में भी जगह बनाई लेकिन क्रमश: चौथे और आठवें स्थान पर रहीं । क्वालीफाइंग दौर में रायजा आठवें और परिनाज नौवे स्थान पर रही थी ।

पुरूष वर्ग में अनंतजीत सिंह नरूका, मैराज अहमद खान और भवतेग सिंह गिल ने 346 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता ।

अनंतजीत ने 119 स्कोर किया जबकि मैराज ने 116 और भवतेग ने 111 स्कोर किया ।

एशियाई चैम्पियनशिप स्वर्ण पदक विजेता और पिछली बार के रजत पदक विजेता अनंतजीत व्यक्तिगत फाइनल में भी पहुंचे लेकिन पदक से एक अंक स चूक गए । उन्होंने फाइनल में 25 स्कोर किया लेकिन पहली सीरिज में दो गलत निशानों का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला टीम को बधाई देते हुए कहा ,‘‘ परिनाज धालीवाल, माहेश्वरी चौहान और रायजा ढिल्लों को महिला स्कीट टीम में कांस्य पदक जीतने पर बधाई । उनके फोकस ,सटीकता और टीमवर्क ने भारतीय खेलों को एक और गौरवशाली पल दिया है । भविष्य के लिये शुभकामनायें ।’’

स्कीट स्पर्धा में प्रत्येक निशानेबाज को 125 अंकों में से अधिकतम अंक हासिल करने होते हैं।

भाषा

मोना

मोना


लेखक के बारे में