हॉकी सेमीफाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगा गत चैंपियन भारत, नजरें स्वर्ण पदक पर

Ads

हॉकी सेमीफाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगा गत चैंपियन भारत, नजरें स्वर्ण पदक पर

  •  
  • Publish Date - September 30, 2026 / 02:21 PM IST,
    Updated On - September 30, 2026 / 02:21 PM IST

काकामिगाहारा, 30 सितंबर (भाषा) गत चैंपियन भारत बृहस्पतिवार को यहां एशियाई खेलों के पुरुष हॉकी सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के साथ अंतरराष्ट्रीय हॉकी की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विताओं में से एक को फिर जीवंत करेगा तो टीम की नजरें 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफिकेशन हासिल करने पर भी टिकी होंगी।

एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम सीधे लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेगी और भारत इस मौके को गंवाना नहीं चाहेगा।

दूसरे सेमीफाइनल में मलेशिया का सामना दक्षिण कोरिया से होगा।

इसी साल विश्व कप में निराशाजनक अभियान में सातवें स्थान पर रहने के बाद भारत ने एशियाई खेलों में अब तक अजेय प्रदर्शन किया है। टीम ने पूल ए में अपने सभी पांच मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया।

भारत ने अपने अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया के खिलाफ 13-1 की जीत से की। इसके बाद श्रीलंका को 16-1 से हराया। भारत ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ 8-2 से जीत दर्ज की और फिर मेजबान जापान को 2-0 से हराया जो पूल चरण का उसका सबसे कड़ा मुकाबला रहा।

भारत ने ग्रुप चरण का समापन बांग्लादेश पर 10-0 की शानदार जीत के साथ किया।

पूरे टूर्नामेंट में भारत ने प्रभावी प्रदर्शन किया है और उसकी आक्रमण पंक्ति भी सही समय पर लय में आ गई है।

फारवर्ड दिलप्रीत सिंह नौ गोल के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। उनके साथी फारवर्ड अभिषेक और कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नाम पर आठ-आठ गोल हैं। पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत के ड्रैग फ्लिक भारत के लिए लगातार बड़ा हथियार रहे हैं।

भारत को मिडफील्डर राज कुमार पाल की सेवाएं नहीं मिलेंगी। टीम के आखिरी पूल मुकाबले में बाएं हाथ के अंगूठे में फ्रैक्चर के बाद वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। रिजर्व खिलाड़ी नीलकांत शर्मा को टीम में शामिल किया गया है।

भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, ‘‘राज के साथ ऐसा होना दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही हमारे पास काफी अनुभव है जो टीम में आ रहा है। नीलकांत ओलंपिक और विश्व कप खेल चुके हैं। इसलिए महत्वपूर्ण समय पर अनुभवी खिलाड़ी का टीम में आना अच्छा है।’’

दूसरी ओर पाकिस्तान पूल बी में शीर्ष पर रहने की राह पर था लेकिन मलेशिया के खिलाफ 4-5 की करीबी हार ने उसे दूसरे स्थान पर धकेल दिया और बृहस्पतिवार के बहुप्रतीक्षित मुकाबले की पटकथा तैयार कर दी।

पाकिस्तान ने अपने अन्य पूल मुकाबलों में थाईलैंड को 9-0, उज्बेकिस्तान को 5-1, चीन को 3-0 और ओमान को 7-2 से हराया।

पाकिस्तान की गोल करने की उम्मीदें ड्रैग फ्लिक विशेषज्ञ सुफियान खान पर होंगी जो शानदार फॉर्म में हैं और 11 गोल के साथ टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं।

सुफियान और भारत के हरमनप्रीत के बीच मुकाबला इस मैच का अहम पहलू हो सकता है। दोनों टीम जानती हैं कि पेनल्टी कॉर्नर गंवाना महंगा साबित हो सकता है।

काकामिगाहारा में बृहस्पतिवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है जबकि सप्ताह की शुरुआत में लगातार बारिश हुई थी।

भारत 2016 दक्षिण एशियाई खेलों के फाइनल के बाद से पाकिस्तान के खिलाफ नहीं हारा है।

दोनों टीम अब एशियाई खेलों के फाइनल से सिर्फ एक जीत दूर हैं और ऐसे में गलती की गुंजाइश बेहद कम होगी।

भारत अपनी आक्रामक क्षमता के साथ रक्षात्मक अनुशासन का संतुलन बनाने की कोशिश करेगा जबकि पाकिस्तान की टीम पेनल्टी कॉर्नर से मिलने वाले मौकों को गोल में बदलने पर जोर देगी।

भाषा सुधीर पंत

पंत