लंदन, चार जुलाई (एपी) इगा स्वियातेक का विम्बलडन खिताब बचाने का अभियान शनिवार को तीसरे दौर में 21 वर्षीय अलेक्जेंडर एला 7-6 (9), 6-2 से हराकर समाप्त हो गया।
एला इस जीत के साथ ग्रैंड स्लैम एकल प्रतियोगिता के चौथे दौर में पहुंचने वाली फिलीपींस की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। उनसे पहले फिलीपींस का कोई भी (पुरुष या महिला) खिलाड़ी किसी ग्रैंड स्लैम एकल स्पर्धा के चौथे दौर तक नहीं पहुंच सका था।
मैच प्वाइंट पर शानदार फोरहैंड विनर लगाने के बाद बाएं हाथ की एला भावुक हो गईं। वह सेंटर कोर्ट पर घुटनों के बल बैठ गईं और फिर खुशी से पीठ के बल लेट गईं।
कोर्ट पर दिए गए साक्षात्कार में स्टैंड में लहराते फिलीपींस के झंडों की ओर देखते हुए इस 21 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, ‘‘अपने देशवासियों को मेरा उत्साह बढ़ाते देखना अविश्वसनीय है। यह अहसास कि हम सभी इस सफर में साथ हैं, मेरे लिए बेहद खास है। यह जीत मेरे देशवासियों, मेरे परिवार और उन सभी छोटी लड़कियों के नाम है, जो बड़े सपने देखती हैं। यह मेरे लिए पूरी दुनिया के बराबर है।’’
एला ने पहले सेट के टाईब्रेक में दो सेट प्वाइंट बचाकर शानदार वापसी की और अंततः मुकाबला अपने नाम किया।
स्वियातेक ने पिछले वर्ष विम्बलडन महिला एकल का खिताब जीता था। फाइनल में उन्होंने अमांडा अनिसिमोवा को 6-0, 6-0 से हराकर पहली बार विंबलडन चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
एलिना रायबकिना का विम्बलडन अभियान भी तीसरे दौर में समाप्त हो गया। वर्ष 2022 की चैंपियन रायबाकिना को एलिस मर्टेन्स ने 7-6, 6-1 से हराकर दिन का दूसरा बड़ा बड़ा उलटफेर किया।
महिला एकल में दूसरी वरीयता प्राप्त रायबाकिना टूर्नामेंट से बाहर होने वाली अब तक की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं। उनकी हार के साथ ही आर्यना सबालेंका का टूर्नामेंट के बाद भी विश्व नंबर एक बने रहना तय हो गया।
बेल्जियम की 25वीं वरीयता प्राप्त मर्टेन्स अब चौथे दौर में नाओमी ओसाका से भिड़ेंगी। यह मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।
मर्टेन्स विंबलडन में दो बार महिला युगल का खिताब भी जीत चुकी हैं और इस जीत के साथ उन्होंने महिला एकल में भी अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है।
दिग्गज अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने दाएं घुटने में चोट के कारण अपनी बहन विनस विलियम्स के साथ होने वाले युगल मुकाबले से नाम वापस ले लिया। 44 वर्षीय सेरेना को इस सप्ताह एकल मुकाबले में वापसी के दौरान घुटने में चोट लगी थी।
तेईस बार की ग्रैंड स्लैम एकल चैंपियन सेरेना ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘युगल मुकाबले से हटना मेरे लिए बेहद दुखद है।’’
एपी
आनन्द नमिता
नमिता