नयी दिल्ली, चार जुलाई (भाषा) भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) ने रिकर्व टीम के नए मुख्य कोच के पद के लिए दक्षिण कोरिया के दिग्गज कोच पार्क चाए-सून से शनिवार को गहन बातचीत की।
अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो कई ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेताओं को कोचिंग दे चुके पार्क चाए-सून लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक की तैयारियों में भारतीय रिकर्व टीम की कमान संभाल सकते हैं।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब दक्षिण कोरिया के ही प्रसिद्ध कोच किसिक ली के साथ वित्तीय मतभेदों के कारण भारतीय खेल प्राधिकरण की बातचीत सफल नहीं हो सकी।
विश्व तीरंदाजी के सबसे सफल कोचों में शामिल पार्क चाए-सून का एएआई के शीर्ष अधिकारियों के साथ लगभग एक घंटे तक जूम पर साक्षात्कार हुआ। एएआई की योजना 2026 एशियाई खेलों के बाद उन्हें टीम की जिम्मेदारी सौंपने की है ताकि रिकर्व कार्यक्रम में दीर्घकालिक सुधार किया जा सके।
संघ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई से कहा, ‘‘संघ के साथ उनका लगभग एक घंटे का जूम साक्षात्कार सकारात्मक रहा है और एएआई उनके अनुभव एवं दृष्टिकोण से काफी संतुष्ट है। हम एशियाई खेलों के बाद उन्हें टीम से जोड़ने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। ’’
भाषा
नमिता आनन्द
आनन्द