काहिरा, चार जुलाई (एपी) विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया पर टीम की जीत के बाद मिस्र के मुख्य कोच होसाम हसन ने मैदान पर फलस्तीन का झंडा लहराया और कहा कि वह इस जीत को मिस्र और फलस्तीन दोनों के लोगों को समर्पित करते हैं।
मैच के बाद भावुक होकर उन्होंने कहा, ‘‘मेरा दिल और मेरी आत्मा उनके साथ है। ’’
मिस्र ने विश्व कप के नॉकआउट चरण में अपने पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया पर रोमांचक जीत दर्ज की। राउंड 32 का मैच निर्धारित समय तक 1-1 से बराबरी पर रहा जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में मिस्र ने 4-2 से जीत दर्ज की।
यह विश्व कप में मिस्र की चौथी भागीदारी है और नॉकआउट चरण में उसकी यह पहली जीत है।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में हसन फलस्तीन का झंडा हाथ में लेकर मैदान का चक्कर लगाते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान स्टेडियम में मौजूद लोग ‘फ्री, फ्री फलस्तीन’ के नारे लगा रहे थे।
गौरतलब है कि सात अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इजराइल पर किए गए हमले के बाद शुरू हुए युद्ध के कारण गाजा में 20 लाख से अधिक फलस्तीनियों का भविष्य अब भी अनिश्चित बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग विस्थापित होकर खंडहरों के बीच रहने को मजबूर हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इजराइली सैन्य कार्रवाई में अब तक 73,066 फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है।
इस युद्ध के बाद दुनिया के कई देशों में फलस्तीन के समर्थन में प्रदर्शन हुए हैं और कई खिलाड़ियों ने भी फलस्तीनी लोगों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की है।
एपी नमिता आनन्द
आनन्द