ग्रीन के 79 रन के बावजूद केकेआर की पारी 180 पर सिमटी

Ads

ग्रीन के 79 रन के बावजूद केकेआर की पारी 180 पर सिमटी

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 09:53 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 09:53 PM IST

अहमदाबाद 17 अप्रैल (भाषा) कैमरून ग्रीन ने लय में वापसी करते हुए 79 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन गुजरात टाइटंस ने शुक्रवार को आईपीएल मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को 180 रन पर समेट दिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की शुरुआत खराब रही और टीम ने पहले चार ओवरों में ही तीन विकेट गंवा दिए।

कैगिसो रबाडा (29 रन पर तीन विकेट) और मोहम्मद सिराज (23 रन पर दो विकेट) की तेज गेंदबाजी जोड़ी ने नई गेंद से कहर बरपाते हुए शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया, जबकि अशोक शर्मा (45 रन पर दो विकेट) और प्रसिद्ध कृष्णा (32 रन पर एक विकेट) ने अच्छा साथ दिया।

ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला ग्रीन ने शुरुआती झटकों के बाद पारी को संभाला और 55 गेंदों में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 79 रन बनाए। उन्होंने रोवमैन पॉवेल (27) के साथ चौथे विकेट के लिए 55 रन और अनुकूल रॉय (नौ) के साथ पांचवें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की।

ग्रीन ने खासतौर पर राशिद खान के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए पांच चौके और चार छक्के जड़े, हालांकि अफगान स्पिनर ने पारी की आखिरी गेंद पर उन्हें विकेटकीपर के हाथों कैच करा दिया।

ग्रीन को किस्मत का भी साथ मिला। वह शुरुआत में पगबाधा की अपील से बचे और फिर 14वें ओवर में राशिद की लगातार गेंदों पर उन्हें दो जीवनदान मिले। इस ओवर की दूसरी गेंद पर बटलर स्टंपिंग का मौका चूक गए, जबकि अगली गेंद पर बाउंड्री पर वाशिंगटन सुंदर ने कैच टपका दिया। दोनों मौकों पर गेंद चार रनों के लिए चली गई। ग्रीन उस समय 58 रन पर खेल रहे थे।

एक छोर से विकेटों के लगातार पतन के कारण आखिरी ओवरों में ग्रीन तेजी से रन बनाने में नाकाम रहे।

इससे पहले मोहम्मद सिराज ने पहले ही ओवर में अजिंक्य रहाणे को खाता खोले बिना आउट कर केकेआर को झटका दिया। इसके बाद रबाडा ने शानदार आउटस्विंगर पर अंगकृष रघुवंशी (आठ) को विकेटकीपर के हाथों कैच कराया।

सत्र का पहला मैच खेल रहे टिम सीफर्ट (19) ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए, लेकिन रबाडा की शॉर्ट गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने उनका शानदार कैच लपका।

रिंकू सिंह का खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रहा। वह एक रन बना कर आउट हुए जबकि रमनदीप सिंह ने आठ गेंदों में 17 रन का योगदान दिया।

पॉवेल ने कुछ समय तक आक्रामक बल्लेबाजी की, लेकिन अशोक शर्मा ने उन्हें धीमी गेंद पर आउट कर ग्रीन के साथ 55 रन की साझेदारी तोड़ दी।

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता