देव कुमार मीना और कुलदीप कुमार ने पुरुषों की पोल वॉल्ट स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकॉर्ड साझा किये
देव कुमार मीना और कुलदीप कुमार ने पुरुषों की पोल वॉल्ट स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकॉर्ड साझा किये
रांची, 24 मई (भाषा) मध्य प्रदेश के पोल वॉल्ट खिलाड़ी देव कुमार मीना और कुलदीप कुमार ने 5.45 मीटर की समान छलांग लगाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया लेकिन रविवार को यहां राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता के तीसरे और अंतिम दिन देव कुमार मीना ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
पिछला रिकॉर्ड (5.41 मीटर) हाल ही में भुवनेश्वर में कुलदीप कुमार ने ही बनाया था।
दोनों खिलाड़ियों ने 5.45 मीटर की छलांग लगाई, लेकिन काउंटबैक के आधार पर देव कुमार मीना ने स्वर्ण पदक जीता। कुलदीप को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
पोल वॉल्ट और ऊंची कूद स्पर्धाओं में जब दो या दो से अधिक एथलीट समान ऊंचाई पार करते हैं, तो काउंटबैक नियम के आधार पर विजेता का फैसला होता है। इसमें प्रतियोगिता के दौरान उस ऊंचाई को पार करने में सबसे कम प्रयास करने वाला खिलाड़ी विजेता माना जाता है।
दोनों खिलाड़ियों ने भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) द्वारा निर्धारित 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 5.25 मीटर का क्वालीफाइंग मार्क भी हासिल कर लिया।
लंबी कूद में मुरली श्रीशंकर ने 8.08 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों के क्वालीफाइंग स्तर 8.05 मीटर से बेहतर प्रदर्शन किया।
पुरुषों की ऊंची कूद में महाराष्ट्र के सर्वेश अनिल कुशारे का दबदबा रहा। उनकी 2.28 मीटर की छलांग ने उन्हें स्वर्ण पदक दिलाया, जो राष्ट्रमंडल खेलों के क्वालीफाइंग मार्क 2.22 मीटर से बेहतर रही।
कुशारे ने तेजस्विन शंकर द्वारा बनाए गए मीट रिकॉर्ड की बराबरी भी की। उन्होंने राष्ट्रीय रिकॉर्ड 2.29 मीटर को बेहतर करने के लिए 2.30 मीटर की छलांग लगाने का प्रयास किया, लेकिन उनके तीनों प्रयास असफल रहे।
रजत पदक विजेता आदर्श राम (2.22 मीटर) ने भी राष्ट्रमंडल खेलों का क्वालीफाइंग मार्क हासिल कर लिया।
पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में रिलायंस का प्रतिनिधित्व कर रहे राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक तेजस शिरसे ने 13.50 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने अपने ही मीट रिकॉर्ड 13.61 सेकंड में सुधार किया, लेकिन राष्ट्रमंडल खेलों के लिए निर्धारित क्वालीफाइंग समय 13.39 सेकंड से चूक गए।
इससे पहले सुबह के सत्र में हरियाणा की रवीना ने महिलाओं की 10,000 मीटर पैदल चाल में 44 मिनट 29.66 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। उनका प्रदर्शन राष्ट्रमंडल खेलों के लिए निर्धारित क्वालीफाइंग समय 44 मिनट 44.58 सेकंड से बेहतर रहा।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


