दिव्यांश और ख्याति ने 10 मी एयर राइफल टी3 फाइनल जीता, अनीश 25मीटर रैपिड फायर पिस्टल में शीर्ष पर
दिव्यांश और ख्याति ने 10 मी एयर राइफल टी3 फाइनल जीता, अनीश 25मीटर रैपिड फायर पिस्टल में शीर्ष पर
नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) दिव्यांश सिंह पंवार और ख्याति चौधरी ने शनिवार को यहां निशानेबाजी राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स 3 (ग्रुप ए) में 10 मीटर एयर राइफल में क्रमश: पुरुषों और महिलाओं की स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल किया।
ओलंपियन अनीश भानवाला ने डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा का टी3 फाइनल जीता।
तोक्यो ओलंपियन दिव्यांश 252.5 के स्कोर के साथ आठ पुरुषों के फाइनल में शीर्ष पर रहे। पार्थ राकेश माने 251.5 के फाइनल स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे जबकि शाहू तुषार माने 230.9 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
महिलाओं के फाइनल में शीर्ष स्थान का फैसला एक रोमांचक शूट-ऑफ में हुआ जिसमें ख्याति ने माहित संधू को हराया। 24 शॉट पूरे होने के बाद दोनों का स्कोर 251.4 था।
शूट-ऑफ में ख्याति ने 10.9 का स्कोर करके माहित को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया जिन्होंने 10.2 का स्कोर बनाया। मेहुली घोष ने 230.1 के फाइनल स्कोर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
ओलंपियन अनीश भानवाला ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में अपना दबदबा बनाए रखा और फाइनल में 33 के स्कोर के साथ टी3 में शीर्ष स्थान हासिल किया। राजकंवर सिंह संधू ने 31 के स्कोर के साथ दूसरा स्थान जबकि भावेश शेखावत ने विजयवीर सिद्धू के साथ शूट-ऑफ में 29 के स्कोर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। विजयवीर 23 हिट के साथ चौथे स्थान पर रहे।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


