आस्ट्रेलियाई ओपन में नहीं खेल पाएंगे जोकोविच, निर्वासन की अपील हारने पर निराशा जतायी

Ads

आस्ट्रेलियाई ओपन में नहीं खेल पाएंगे जोकोविच, निर्वासन की अपील हारने पर निराशा जतायी

  •  
  • Publish Date - January 16, 2022 / 03:02 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:21 PM IST

मेलबर्न, 16 जनवरी (एपी) नोवाक जोकोविच ने रविवार को यहां कहा कि अदालत में निर्वासन के आदेश को चुनौती देने वाली उनकी अपील खारिज होने से वह निराश हैं और स्वीकार किया कि आस्ट्रेलियाई ओपन में खेलने की उनकी उम्मीदें खत्म हो गयी हैं।

फेडरल कोर्ट के तीन जजों ने रविवार को सर्बिया के 34 वर्षीय खिलाड़ी के वीजा को कोविड-19 के लिये टीकाकरण नहीं कराने के कारण जनहित के आधार पर रद्द करने के आव्रजन मंत्री अलेक्स हॉक के शुक्रवार को लिये गये फैसले को बरकरार रखा। इसके तुरंत बाद दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी ने बयान जारी किया।

जोकोविच ने कहा, ‘‘मैं वीजा रद्द करने के मंत्री के फैसले की न्यायिक समीक्षा के लिये किये गये मेरे आवेदन को खारिज करने के अदालत के निर्णय से बेहद निराश हूं, जिसका अर्थ है कि मैं आस्ट्रेलिया में नहीं रह सकता और आस्ट्रेलियाई ओपन में भाग नहीं ले सकता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अदालत के फैसले का सम्मान करता हूं और देश से अपनी वापसी को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ सहयोग करूंगा।’’

जोकोविच ने कहा कि छह जनवरी को मेलबर्न पहुंचने पर पहली बार उनका वीजा रद्द किये जाने के बाद सभी का ध्यान उन पर था जिससे वह असहज महसूस कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि अब सभी का ध्यान उस खेल और टूर्नामेंट पर केंद्रित होगा जिसे मैं प्यार करता हूं।’’

जोकोविच ने कोविड-19 के लिये टीकाकरण नहीं करवाया है और इस अदालत के आदेश के बाद उन्हें निर्वासित होने तक मेलबर्न में नजरबंद रहना पड़ सकता है।

यदि अदालती कार्रवाई से नहीं रोका जाए तो आदेश के बाद जितना जल्दी संभव हो सके व्यक्ति को निर्वासित होना पड़ता है। सरकार ने यह नहीं बताया है कि जोकोविच कब जाएंगे।

आमतौर पर निर्वासन के आदेश का मतलब व्यक्ति तीन साल तक वापस आस्ट्रेलिया नहीं लौट सकता है।

मुख्य न्यायाधीश जेम्स ऑलसॉप ने कहा कि यह फैसला इस पर निर्भर करता है कि क्या मंत्री का निर्णय ‘तर्कहीन या कानूनी रूप से अनुचित’ था। ऑलसॉप ने कहा, ‘फैसले के गुण या ज्ञान पर फैसला करना अदालत के कार्य के अंतर्गत नहीं आता है।’’

न्यायाधीशों के पैनल ने रविवार को अपने फैसले का लिखित स्पष्टीकरण नहीं दिया। ऑलसॉप ने कहा कि आगामी दिनों में इसे जारी कर दिया जाएगा।

ऑलसॉप ने कहा, ‘‘यह सरकार के फैसले के खिलाफ अपील नहीं है। यह समीक्षा के लिये अदालत में दिया गया आवेदन था जिसमें मंत्री के फैसले की वैधता की समीक्षा करने को कहा गया था।’’

जोकोविच को सरकार के अदालती खर्चे का भुगतान करने के लिये भी कहा गया है।

मंत्री ने इस आधार पर वीजा रद्द कर दिया कि आस्ट्रेलिया में जोकोविच की उपस्थिति आस्ट्रेलियाई जनता के स्वास्थ्य और ‘अच्छे आदेश’ के लिये जोखिम भरा हो सकता है तथा इससे आस्ट्रेलिया में अन्य लोगों द्वारा टीकाकरण के प्रयासों पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है।

हॉक ने रविवार को फैसले का स्वागत किया। उनके कार्यालय ने हालांकि यह नहीं बताया कि जोकोविच कब रवाना होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘आस्ट्रेलिया की सीमा सुरक्षा से जुड़ी कड़ी नीतियों ने हमें महामारी के दौरान सुरक्षित रखा है, जिसका परिणाम सबसे कम मृत्यु दर, सबसे मजबूत आर्थिक सुधार और उच्चतम टीकाकरण दर है।’’

जोकोविच हाईकोर्ट में अपील कर सकते थे लेकिन उनके पास इसके लिये समय नहीं है क्योंकि ऐसा करने पर भी वह आस्ट्रेलियाई ओपन में भाग नहीं ले पाएंगे।

जोकोविच ने कहा, ‘‘मैं इस मामले में आगे कोई टिप्पणी करने से पहले कुछ समय तक विश्राम करना चाहूंगा।’’

जोकोविच का वीजा पहले छह जनवरी को मेलबर्न पहुंचने पर रद्द कर दिया गया था। सीमा अधिकारी ने इस आधार पर जोकोविच का वीजा रद्द कर दिया था कि उन्हें टीकाकरण के बिना आने वाले आगंतुकों के लिये आस्ट्रेलिया के नियमों अनुसार चिकित्सा छूट नहीं मिली है।

एक अदालत ने जोकोविच का वीजा रद्द करने के सीमा अधिकारी के आदेश पर उन्हें राहत प्रदान की थी लेकिन मंत्री ने इसके बाद अपने अधिकारों का उपयोग किया।

हॉक के शुक्रवार को लिये गये फैसले के तीन घंटे के अंदर जोकोविच के वकीलों ने ‘फेडरल सर्किट एवं फेमिली कोर्ट’ में अपील दायर की थी। शनिवार को यह मामला फेडरल कोर्ट में भेज दिया गया था।

तीनों जज ने रविवार को पांच घंटे तक मामले की सुनवाई की और दो घंटे बाद अपना फैसला सुनाया।

सुनवाई समाप्त होने और फैसला आने से पहले आस्ट्रेलियाई ओपन के आयोजक टेनिस आस्ट्रेलिया ने सोमवार का कार्यक्रम जारी किया जिसके अनुसार जोकोविच को अपना पहला मैच रॉड लेवर एरिना में हमवतन सर्बियाई मियोमीर केसमानोविच के खिलाफ खेलना था।

टेनिस आस्ट्रेलिया ने इस स्टार खिलाड़ी की कानूनी हार पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं की।

एपी

पंत नमिता

नमिता

ताजा खबर