ईस्ट बंगाल पेनल्टी शूटआउट में एससी दिल्ली को हराकर डूरंड कप के फाइनल में

ईस्ट बंगाल पेनल्टी शूटआउट में एससी दिल्ली को हराकर डूरंड कप के फाइनल में

ईस्ट बंगाल पेनल्टी शूटआउट में एससी दिल्ली को हराकर डूरंड कप के फाइनल में
Modified Date: August 19, 2026 / 09:59 pm IST
Published Date: August 19, 2026 9:59 pm IST

कोलकाता, 19 अगस्त (भाषा) ईस्ट बंगाल ने बुधवार को रोमांचक सेमीफाइनल में एससी दिल्ली को पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से हराकर डूरंड कप के फाइनल में जगह बना ली।

निर्धारित समय में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं और मुकाबला 0-0 से बराबर रहने के बाद पेनल्टी शूटआउट से नतीजा निकला।

ईस्ट बंगाल की नजरें 17वां खिताब जीतकर रिकॉर्ड की बराबरी करने पर लगी हैं। अब रविवार को साल्ट लेक स्टेडियम में होने वाले फाइनल में उसका सामना मोहन बागान सुपर जायंट और गत चैंपियन नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के बीच बृहस्पतिवार को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

अगर फाइनल में ईस्ट बंगाल और मोहन बागान आमने-सामने होते हैं तो यह 2023 के फाइनल का दोहराव होगा। उस मुकाबले में मोहन बागान ने खिताब जीता था।

निर्धारित समय में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाले ईस्ट बंगाल के कप्तान मोहम्मद राशिद ने पेनल्टी शूटआउट में टीम के लिए निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने पांचवीं और आखिरी पेनल्टी को गोल में बदलकर टीम की जीत पक्की कर दी।

ईस्ट बंगाल ने शूटआउट में अपनी सभी पांच प्रयास को गोल में बदला। अनवर अली ने शूटआउट की शुरुआत करते हुए एससी दिल्ली के गोलकीपर नोरा फर्नांडिस को छकाकर गेंद गोल में पहुंचाई। इसके बाद रोहित दानू ने जोरदार शॉट से गोल किया जबकि लालचुंगनुंगा ने गेंद को ऊपरी दाएं कोने में भेजकर ईस्ट बंगाल को 3-1 से आगे कर दिया।

ईस्ट बंगाल के लिए क्रिस इकोनोमिडिस ने चौथी पेनल्टी पर गोल करके स्कोर 4-2 कर दिया।

राशिद निर्णायक पांचवीं पेनल्टी लेने आए और उन्होंने गेंद को शानदार तरीके से गोल में पहुंचाकर ईस्ट बंगाल को 5-3 से जीत दिला दी।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में