एरिगेसी ने शीर्ष वरीय माघसूदलू को हराया, गुकेश शीर्ष पर बरकरार

एरिगेसी ने शीर्ष वरीय माघसूदलू को हराया, गुकेश शीर्ष पर बरकरार

एरिगेसी ने शीर्ष वरीय माघसूदलू को हराया, गुकेश शीर्ष पर बरकरार
Modified Date: December 20, 2023 / 08:40 pm IST
Published Date: December 20, 2023 8:40 pm IST

चेन्नई, 20 दिसंबर (भाषा) भारत के अर्जुन एरिगेसी बुधवार को यहां छठे दौर में ईरान के शीर्ष वरीय परहम माघसूदलू को हराकर चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स शतरंज चैंपियनशिप में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

छठे दौर में एरिगेसी और माघसूदलू की बाजी के अलावा अन्य सभी बाजियां ड्रॉ रही। एरिगेसी ने काले मोहरों से खेलते हुए 40 चाल में जीत दर्ज की।

एरिगेसी के इस जीत से 3.5 अंक हो गए हैं और वह हमवतन ग्रैंडमास्टर पी हरिकृष्णा और यूक्रेन के ग्रैंडमास्टर पावेल एलजानोव के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।

एक अन्य भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश का लगातार दो जीत का क्रम टूट गया जब छठे दौर में एलजानोव ने 30 चाल में उन्हें ड्रॉ पर मजबूर किया। सफेद मोहरों से खेलते हुए स्थानीय खिलाड़ी गुकेश यूक्रेन के खिलाड़ी के खिलाफ जीत दर्ज करने में नाकाम रहे।

टूर्नामेंट में अब जब एक दौर का खेल बाकी है तब गुकेश चार अंक के साथ शीर्ष पर चल रहे हैं और वह खिताब जीतकर अगले साल होने वाले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने की अपनी संभावना में इजाफा करना चाहेंगे।

हरिकृष्णा को हंगरी के ग्रैंडमास्टर सेनन सुगिरोव ने बराबरी पर रोका जबकि अमेरिका के लेवोन अरोनियन और सर्बिया के एलेक्सांद्र प्रेडके की बाजी भी ड्रॉ रही।

अंतिम दौर में हरिकृष्णा की भिड़ंत गुकेश, एरिगेसी की सुगिरोव, प्रेडके की माघसूदलू और एलजानोव की अरोनियन से होगी।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता


लेखक के बारे में