मुंबई, तीन सितंबर (भाषा) बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि बोर्ड इस दिशा में काम करेगा कि ‘सेना’ देशों में किसी भी बड़ी सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेटरों को पर्याप्त आराम, परिस्थितियों के अनुकूल ढलने का समय और अभ्यास मैच मिल सकें।
बीसीसीआई मुख्यालय में हुई समीक्षा बैठक के बाद सैकिया ने कहा कि चोटों के प्रबंधन के मामले में भारतीय क्रिकेट में संवाद की कोई कमी नहीं है। लेकिन बोर्ड बेहतर भविष्य दौरा कार्यक्रम (एफटीपी) तैयार करने की कोशिश करेगा ताकि खिलाड़ियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
सैकिया ने पत्रकारों से कहा, ‘‘सभी एकमत हैं। बीसीसीआई एक अच्छी तरह से व्यवस्थित और सुचारू रूप से चलने वाली मशीन की तरह काम कर रहा है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई के सभी विभागों के बीच उचित समन्वय है, चाहे वह महिला टीम की समितियां हों, उनका तकनीकी स्टाफ और कोच हों, या सीओई (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस), भारतीय पुरुष टीम के कोचिंग स्टाफ और मुख्य कोच से संबंधित विभाग हों। समन्वय में कोई दिक्कत नहीं है और सब कुछ सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘एकमात्र चुनौती यह है कि साल में बहुत ज्यादा मैच खेले जा रहे हैं और इसी वजह से अगले एफटीपी में हम कुछ बदलाव और उपाय करेंगे। ’’
सैकिया ने कहा, ‘‘हमने अपने एफटीपी से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया है जो जल्द ही विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बैठक करेंगे कि एफटीपी इस तरह तैयार किया जाए कि खिलाड़ियों को पर्याप्त आराम मिले। साथ ही, सेना देशों (दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड) में किसी भी बड़ी सीरीज से पहले खिलाड़ियों को वहां की परिस्थितियों के अनुकूल ढलने का पर्याप्त समय मिले या कुछ अभ्यास और मैत्री मैच खेलने का मौका मिले। ’’
समीक्षा बैठक में भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल, टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर, मुख्य कोच गौतम गंभीर, सीओई के क्रिकेट निदेशक वीवीएस लक्ष्मण और बीसीसीआई के अन्य अधिकारी शामिल हुए।
सैकिया ने कहा, ‘‘हमने चर्चा की कि इंग्लैंड और आयरलैंड में हमारी टीम का प्रदर्शन कैसा रहा और साथ ही इस बात पर भी विचार किया कि अगले एक साल में हमें क्या करना है। रोडमैप तैयार कर लिया गया है और हम कुछ जरूरी अभ्यास एवं तैयारियां करेंगे ताकि 2027 विश्व कप में हमारा प्रदर्शन बहुत अच्छा रहे। ’’
भाषा
नमिता सुधीर
सुधीर