किशोरी को अगवा कर उससे बलात्कार करने के आरोप में चार गिरफ्तार

Ads

किशोरी को अगवा कर उससे बलात्कार करने के आरोप में चार गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 16, 2021 / 11:57 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:12 PM IST

कोटा (राजस्थान), 16 जून (भाषा) राजस्थान के झालावाड़ में चार व्यक्तियों को अपने पड़ोसी गांव की 19 वर्षीय एक लड़की को कथित रूप से अगवा करने एवं उसके साथ सामूहिक बलात्कार करने को लेकर गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि पीपलिया खुर्द गांव के ईश्वर सिंह सोंढया राजपूत (23), बालू सिंह (28), मेहरबान सिंह (26) और पगड़िया के गोविंद सिंह (26) को गिरफ्तार किया गया है। यह वारदात शुक्रवार रात को हुई थी और डाग थाने में अगले दिन सुबह मामला दर्ज कराया गया था।

मंगलवार को जारी किये गये प्रेस नोट में पुलिस अधीक्षक किरण कांग सिद्धू ने बताया कि शुक्रवार को जब लड़की अपने गांव जा रही थी तब ईश्वर सिंह ने उसे रास्ते से अगवा कर लिया । लड़की के अनुसार ईश्वर सिंह ने उसे समीप के एक इलाके के जंगल में ले जाकर उससे बलात्कार किया, फिर उसने अपने दोस्तों–बालू, मेहरबान को बुलाया एवं वे उसे डाग गांव के समीप घंटी रोड पर एक सुनसान खेत में ले गये जहां मेहरबान सिंह ने उसपर यौन हमला किया एवं वह चला गया ।

विज्ञप्ति के अनुसार ईश्वर सिंह और बालू फिर लड़की को भवानी मंडी क्षेत्र में ले गये जहां उनका दोस्त गोविंद भी आ गया। लड़की के अनुसार तीनों ने रातभर उसकी आबरू लूटी। हरनावडा फंटा के पास तीनों के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गयी और लड़की वहां से भाग निकली। दो व्यक्तियों ने लड़की की चीख सुनकर उसकी मदद की।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पीड़िता का बयान सीआरपीसी की धारा 164 के तहत दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश