फ्रांस के फ्रेडरिक सोयेज हो सकते हैं भारतीय पुरूष जूनियर हॉकी टीम के नये कोच

Ads

फ्रांस के फ्रेडरिक सोयेज हो सकते हैं भारतीय पुरूष जूनियर हॉकी टीम के नये कोच

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 08:59 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 08:59 PM IST

(मोना पार्थसारथी)

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) पेरिस ओलंपिक 2024 में फ्रांस की पुरूष हॉकी टीम के कोच रहे फ्रेडरिक सोयेज भारत की अंडर 21 टीम के अगले मुख्य कोच हो सकते हैं ।

वह दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और चेन्नई में 2025 जूनियर विश्व कप में कांस्य पदक जीतने वाली भारत की अंडर 21 टीम के कोच रहे पी आर श्रीजेश की जगह ले सकते हैं ।

श्रीजेश ने एक्स पर तल्ख लहजे में लिखी गई एक पोस्ट में मंगलवार को कहा कि विदेशी कोचों को तरजीह देने के लिये हॉकी इंडिया ने अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें पद से हटा दिया ।

वहीं हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने इसे खारिज करते हुए कहा कि श्रीजेश का कार्यकाल दिसंबर 2025 में ही खत्म हो गया था और उन्हें भारत ए टीम का कोच बनने या भारत की सीनियर टीम का गोलकीपिंग कोच बनने की पेशकश की गई थी जो उन्होंने स्वीकार नहीं की ।

उन्होंने यह भी कहा कि मेरिट के आधार पर उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए नये कोच का चयन किया गया है जिसकी घोषणा जल्दी ही होगी ।

खेल प्रबंधन में मास्टर्स 48 वर्ष के सोयेज 1995 से 2010 तक फ्रांस के लिये अंतरराष्ट्रीय हॉकी खेले । इसके बाद 2011 से 2014 तक फ्रांस टीम के मुख्य कोच रहे और 2014 से 2021 तक स्पेन के मुख्य कोच थे जब रियो ओलंपिक 2016 में स्पेन की टीम पांचवें स्थान पर रही थी ।

इसके बाद वह 2021 से 2024 तक फ्रांस हॉकी के हाई परफॉर्मेस निदेशक भी रहे ।

सोयेज को पेनल्टी कॉर्नर प्रशिक्षण में महारत हासिल है । वह भुवनेश्वर और राउरकेला में 2023 में हुए सीनियर विश्व कप में फ्रांस के मुख्य कोच थे । उनके मार्गदर्शन में फ्रांस ने 2019 में स्पेन के साथ यूरोपीय चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता था ।

भाषा

मोना नमिता

नमिता