जूनियर एशिया कप से पहले चीन के डालियान में अभ्यास करेगी भारतीय जूनियर हॉकी टीम

Ads

जूनियर एशिया कप से पहले चीन के डालियान में अभ्यास करेगी भारतीय जूनियर हॉकी टीम

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 08:16 PM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 08:16 PM IST

नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम अगले महीने होने वाले जूनियर एशिया कप की तैयारियों के तहत चीन के डालियान में मेजबान देश की जूनियर टीम के खिलाफ तीन अभ्यास मैच खेलेगी।

जूनियर एशिया कप का आयोजन चीन के मोकी में चार से 13 सितंबर तक किया जाएगा।

हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति के अनुसार भारतीय टीम रविवार को चीन के लियाओनिंग प्रांत स्थित डालियान के लिए रवाना हुई। टीम सोमवार को डालियान पहुंचेगी और चीन की जूनियर पुरुष टीम के खिलाफ अभ्यास मैच खेलने से पहले कई प्रशिक्षण सत्रों में हिस्सा लेगी।

डालियान में होने वाला तैयारी शिविर टीम को महत्वपूर्ण मैच अभ्यास प्रदान करेगा और महाद्वीपीय टूर्नामेंट से पहले अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने का मौका देगा।

भारतीय टीम अपना पहला अभ्यास मैच 28 अगस्त को खेलेगी। इसके बाद 30 और 31 अगस्त को दो और मैच होंगे।

डालियान में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद टीम एक सितंबर को मोकी के लिए रवाना होगी जहां वह जूनियर एशिया कप के लिए अपनी अंतिम तैयारियां जारी रखेगी।

भारत को जूनियर एशिया कप के पूल ए में कोरिया, जापान, चीनी ताइपे और इंडोनेशिया के साथ रखा गया है।

भारत अपना पहला मैच पांच सितंबर को इंडोनेशिया के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद छह सितंबर को जापान, आठ सितंबर को कोरिया और नौ सितंबर को चीनी ताइपे के खिलाफ मुकाबला होगा।

भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम के कोच फ्रेडरिक सोयेज ने कहा, ‘‘डालियान में यह अंतिम प्रशिक्षण शिविर हमें पिछले दो महीनों में किए गए काम को आगे बढ़ाने का मौका देगा, खासकर मलेशिया के खिलाफ खेले गए मुकाबलों के बाद। हम यहां कुछ प्रशिक्षण सत्र करेंगे और चीन के खिलाफ तीन मैच खेलेंगे जिससे हमें अपनी तैयारियां पूरी करने का मौका मिलेगा। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द