जीसीटी फाइनल: प्रज्ञानानंदा के सामने ‘करो या मरो’ मुकाबले में कीमर की चुनौती

जीसीटी फाइनल: प्रज्ञानानंदा के सामने ‘करो या मरो’ मुकाबले में कीमर की चुनौती

जीसीटी फाइनल: प्रज्ञानानंदा के सामने ‘करो या मरो’ मुकाबले में कीमर की चुनौती
Modified Date: August 22, 2026 / 08:34 pm IST
Published Date: August 22, 2026 8:34 pm IST

सेंट लुइस (अमेरिका) 22 अगस्त (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा यहां ग्रैंड चेस (शतरंज) टूर के ग्रैंड फिनाले के सेमीफाइनल में जर्मनी के विंसेंट कीमर से भिड़ेंगे।

सिनक्वेफील्ड कप के समापन पर 35.5 अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर रहे प्रज्ञानानंदा के सामने कीमर की कड़ी चुनौती होगी। सेमीफाइनल जीतने वाला खिलाड़ी फाइनल में प्रवेश करेगा, जबकि हारने वाले खिलाड़ी को तीसरे स्थान के लिए मुकाबला करना होगा।

लाइव रेटिंग में शीर्ष भारतीय प्रज्ञानानंदा इससे पहले भी अंतिम चार में पहुंच चुके हैं। पिछले साल भी उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन दोनों मुकाबले हारकर चौथे स्थान पर रहे थे।

दूसरा सेमीफाइनल अमेरिका के फैबियानो करूआना और वेस्ली सो के बीच खेला जाएगा। दोनों ने पूरे टूर में शानदार निरंतरता दिखाते हुए अंतिम चार में जगह बनाई है। करूआना मौजूदा चैंपियन हैं और क्लासिकल, रैपिड तथा ब्लिट्ज के मिश्रित प्रारूप में खिताब बचाने की कोशिश करेंगे।

सेमीफाइनल की शुरुआत दो क्लासिकल बाजियों से होगी। प्रत्येक जीत पर छह अंक मिलेंगे, जबकि ड्रॉ की स्थिति में दोनों खिलाड़ियों को तीन-तीन अंक मिलेंगे। इसके बाद अगले दिन रैपिड और ब्लिट्ज मुकाबले खेले जाएंगे।

रैपिड में जीत के लिए चार अंक और ड्रॉ पर दोनों खिलाड़ियों को दो-दो अंक मिलेंगे। इसके बाद चार ब्लिट्ज बाजियां होंगी, जिसमें प्रत्येक जीत पर दो अंक और ड्रॉ पर एक-एक अंक मिलेगा। हारने वाले खिलाड़ी को कोई अंक नहीं मिलेगा।

सेमीफाइनल में कुल 28 अंक दांव पर होंगे और 15 अंक हासिल करने वाला खिलाड़ी फाइनल में पहुंचेगा। हारने वाले दोनों सेमीफाइनलिस्ट तीसरे स्थान के लिए आमने-सामने होंगे।

प्रतियोगिता में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को अगले साल के ग्रैंड चेस टूर में सीधे प्रवेश मिलेगा। खिताब जीतने वाले खिलाड़ी को दो लाख डॉलर की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में