गुजरात सरकार अहमदाबाद को ‘ओलंपिक के लिए तैयार’ शहर बनाएगी, खेलों के लिए 1,331 करोड़ आवंटित

गुजरात सरकार अहमदाबाद को ‘ओलंपिक के लिए तैयार’ शहर बनाएगी, खेलों के लिए 1,331 करोड़ आवंटित

गुजरात सरकार अहमदाबाद को ‘ओलंपिक के लिए तैयार’ शहर बनाएगी, खेलों के लिए 1,331 करोड़ आवंटित
Modified Date: March 10, 2026 / 09:59 pm IST
Published Date: March 10, 2026 9:59 pm IST

गांधीनगर, 10 मार्च (भाषा) गुजरात सरकार ने राज्य को एक खेल केंद्र (स्पोर्ट्स हब) में बदलने और अहमदाबाद को एक ‘ओलंपिक के लिए तैयार’ शहर के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से 1,331 करोड़ रुपये का एक ‘ऐतिहासिक’ बजटीय प्रावधान किया है। कैबिनेट मंत्री जीतू वाघाणी ने मंगलवार को विधानसभा को यह जानकारी दी।

खेल, युवा और सांस्कृतिक गतिविधियां विभाग की बजटीय मांगों पर चर्चा में भाग लेते हुए वाघाणी ने कहा कि विभाग के लिए दो हजार करोड़ रुपये से अधिक का कुल आवंटन ओलंपिक स्तर का खेल बुनियादी ढांचा बनाने और युवा प्रतिभाओं को निखारने के प्रति भारतीय जनता पार्टी सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कृषि विभाग का कार्यभार संभालने वाले वाघाणी ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की सरकार ने पूरे राज्य में विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं बनाने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं शुरू की हैं।

मंत्री ने कहा, ‘‘इस वर्ष खेल, युवा और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए कुल 2,006 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है जो पिछले वर्षों में किए गए आवंटन से काफी अधिक है। इसमें से 1,331 करोड़ रुपये विशेष रूप से खेल क्षेत्र के लिए आवंटित किए गए हैं।’’

वह उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की ओर से बोल रहे थे, जो खेल, युवा और सांस्कृतिक गतिविधियां विभाग का कार्यभार संभालते हैं।

अतीत में कई मौकों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने के भारत के इरादे को जाहिर किया है। इस साल की शुरुआत में शाह ने भरोसा जताया था कि अहमदाबाद शहर को 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के अधिकार मिल जाएंगे। उनकी यह टिप्पणी तब आई जब अहमदाबाद को आधिकारिक तौर पर 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के अधिकार दिए गए थे।

वाघाणी ने घोषणा की कि अहमदाबाद को लगभग 500 करोड़ रुपये के निवेश के साथ ‘ओलंपिक के लिए तैयार’ शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। यह राज्य के उस बड़े विजन का हिस्सा है जिसके तहत भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं की मेज़बानी और उन्हें समर्थन दिया जाएगा।

इस पहल के तहत सरकार अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम के आसपास ‘एसवीपी स्पोर्ट्स एन्क्लेव’ विकसित करने की योजना बना रही है। उन्होंने विधानसभा को बताया कि 335 एकड़ में फैला यह एन्क्लेव कई ओलंपिक स्तरीय सुविधाओं से लैस होगा।

मंत्री ने बताया कि इन सुविधाओं में 12 हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला एक एक्वेटिक सेंटर, 24 हजार दर्शकों की क्षमता वाला एक टेनिस सेंटर और 18 हजार लोगों की क्षमता वाला एक अत्याधुनिक इंडोर एरेना शामिल होगा।

वाघाणी ने घोषणा की कि अहमदाबाद के पास भाट गांव में 135 एकड़ जमीन पर एक आधुनिक ओलंपिक खेल गांव बनाया जाएगा, जिसमें लगभग 17,500 खिलाड़ियों को ठहराने की क्षमता होगी।

इसके अलावा, वाघाणी ने बताया कि गांधीनगर के पास कराई में गुजरात पुलिस अकादमी परिसर में 143 एकड़ जमीन पर 50 हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला एक नया एथलेटिक स्टेडियम और एक आधुनिक निशानेबाजी रेंज बनाई जा रही है।

पूरे राज्य में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार ने विभिन्न जिलों में नए परिसर विकसित करने हेतु 165 करोड़ रुपये के प्रावधान का प्रस्ताव रखा है।

मंत्री ने बताया कि कराई में ओलंपिक स्तरीय खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए 100 करोड़ रुपये और आवंटित किए गए हैं, जबकि राज्य में विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम बनाने पर 90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में