नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) भारत के लंबी दूरी के शीर्ष धावक गुलवीर सिंह ने लॉस एंजिलिस में आयोजित एलए ट्रैक फेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में नया आउटडोर राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर स्तर की इस प्रतियोगिता में गुलवीर ने 13 मिनट 03.93 सेकेंड का समय लिया। इसके साथ ही उन्होंने अपने ही आउटडोर राष्ट्रीय रिकॉर्ड 13:11.82 में सुधार किया।
इस 27 साल के धावक ने पिछले वर्ष बोस्टन में आयोजित टेरियर डीएमआर चैलेंज इंडोर प्रतियोगिता में 12 मिनट 59.77 सेकेंड का समय निकाला था, जो 5000 मीटर में उनका समग्र राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना हुआ है। लॉस एंजिलिस में दर्ज किया गया समय उनके करियर का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
एलए ट्रैक फेस्ट में हैबटोम सैमुअज ने 12 मिनट 57.23 सेकेंड का विश्व का सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि गुलवीर दूसरे स्थान पर रहे।
गुलवीर मौजूदा एशियाई चैंपियन भी हैं और उनके नाम 10,000 मीटर तथा हाफ मैराथन के राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी दर्ज हैं।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता