तिलक, गायकवाड़, प्रभसिमरन के अर्धशतक से भारत ए के नौ विकेट पर 349 रन

Ads

तिलक, गायकवाड़, प्रभसिमरन के अर्धशतक से भारत ए के नौ विकेट पर 349 रन

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 02:41 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 02:41 PM IST

दाम्बुला, 11 जून (भाषा) कप्तान तिलक वर्मा, उपकप्तान रूतुराज गायकवाड़ और सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह के अर्धशतकों की मदद से भारत ए ने त्रिकोणीय एक दिवसीय श्रृंखला के पहले मैच में अफगानिस्तान ए के खिलाफ नौ विकेट पर 349 रन बनाये ।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए के लिये प्रभसिमरन ने 69 गेंद में 84, गायकवाड़ ने 80 गेंद में 66 रन और तिलक ने 73 गेंद में 66 रन बनाये । हल्की बूंदाबांदी के कारण मैच प्रति टीम 49 ओवर का कर दिया गया ।

भारत की शुरूआत अच्छी रही और वैभव सूर्यवंशी ने 22 गेंद में नौ चौकों की मदद से 44 रन बनाये । उन्होंने अपनी पारी में एक भी छक्का लगाये बिना 200 का स्ट्राइक रेट कायम रखा ।

सूर्यवंशी और प्रभसिमरन ने पहले विकेट के लिये 7.1 ओवर में 74 रन की साझेदारी की । सूर्यवंशी ने आफ स्टम्प के बाहर पड़े अब्दुल्ला अहमदजइ के बाउंसर पर विकेट के पीछे मोहम्मद इशाक को कैच थमाया । अहमदजइ ने 68 रन देकर पांच विकेट चटकाये ।

प्रभसिमरन ने तीसरे विकेट के लिये गायकवाड़ के साथ 79 रन की साझेदारी की । उन्होंने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी बार अर्धशतक भी जमाया । वह हालांकि शतक से चूक गए और इमरान मीर की गेंद पर विकेट गंवा बैठे । इसके बाद गायकवाड़ और तिलक ने 78 रन की साझेदारी की ।

गायकवाड़ और आयुष बडोनी लगातार दो गेंदों पर फरमानुल्लाह सफी का शिकार हुए। भारत का स्कोर 38वें ओवर में तीन विकेट पर 245 रन से पांच विकेट पर 245 रन हो गया ।

तिलक ने सूर्यांश शेडगे (27 गेंद में 40 रन) के साथ छठे विकेट के लिये 70 रन जोड़कर भारत को 300 रन के पार पहुंचाया ।

भाषा मोना सुधीर

सुधीर