अहमदाबाद, तीन मई (भाषा) सूर्यांश शेडगे की 57 रनों की उत्कृष्ट पारी गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाजों के तूफान के आगे फीकी पड़ गई, जिसके कारण रविवार को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबले में पंजाब किंग्स की टीम नौ विकेट पर महज 163 रन ही बना सकी।
कागिसो रबाडा (22 रन पर दो विकेट), मोहम्मद सिराज (28 रन पर दो विकेट) और जेसन होल्डर (24 रन पर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी के सामने पंजाब किंग्स ने 8.4 ओवर में 47 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे।
शेडगे ने इसके बाद मार्कस स्टोइनिस (40) के साथ छठे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए कई बार तेज पारी खेल सुर्खियां बटोर चुके दाएं हाथ के बल्लेबाज शेडगे ने बिना जल्दबाजी के खेलते हुए गुजरात के गेंदबाजों की अनुशासित लाइन-लेंथ का सम्मान किया, लेकिन मौके मिलने पर आक्रामकता भी दिखाई। उन्होंने पारी के 14वें ओवर में मानव सुतार के खिलाफ तीन छक्के और दो चौके जड़ते हुए 27 रन बटोरे और सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
वह अर्धशतक पूरा करने के बाद रबाडा की गेंद पर विकेटकीपर जोस बटलर को कैच देकर वह पवेलियन लौट गए, जिससे पंजाब की पारी फिर पटरी से उतर गई।
उन्होंने 29 गेंदों की पारी में तीन चौके और पांच छक्के जड़े, जबकि स्टोइनिस ने 31 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाया।
इससे पहले सिराज ने मैच की शुरुआत में ही पंजाब को दोहरे झटके देते हुए शुरुआती ओवर में लगातार गेंदों पर प्रियांश आर्य (दो) और कूपर कोनोली (शून्य) को आउट कर दिया। आर्य ने निशांत सिंधू को कैच थमाया, जबकि कोनोली के बल्ले का किनारा लेकर गेंद बटलर के दस्तानों में समा गई।
प्रभसिमरन सिंह (15) भी रबाडा की 152 किमी प्रति घंटे की तेज गेंद का सामना नहीं कर सके और सुतार को कैच दे बैठे। इसके बाद होल्डर ने नेहाल वढेरा (शून्य) और कप्तान श्रेयस अय्यर (19) को आउट कर पंजाब की स्थिति और खराब कर दी। वढेरा का कैच भी बटलर ने लपका, जबकि अय्यर गेंद को थर्ड मैन की दिशा में खेलने के प्रयास में बोल्ड हो गए।
मार्को यानसन (20) ने राशिद खान (32 रन पर एक विकेट) के आखिरी ओवर में कुछ जोरदार शॉट लगाकर टीम का स्कोर 160 के पार पहुंचाया, लेकिन पूरे सत्र में साधारण प्रदर्शन कर रही पंजाब की गेंदबाजी के लिए इस स्कोर का बचाव करना चुनौतीपूर्ण होगा।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता