भारत फीफा महिला विकास कार्यक्रम के लिए चयनित 12 देशों में शामिल

भारत फीफा महिला विकास कार्यक्रम के लिए चयनित 12 देशों में शामिल

भारत फीफा महिला विकास कार्यक्रम के लिए चयनित 12 देशों में शामिल
Modified Date: April 22, 2026 / 06:50 pm IST
Published Date: April 22, 2026 6:50 pm IST

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) फुटबॉल के वैश्विक शासी निकाय फीफा द्वारा अपने महिला विकास कार्यक्रम के लिए बुधवार को चयनित 12 देशों में भारत को भी शामिल किया गया।

इस सूची में जर्मनी, नीदरलैंड, स्वीडन, स्कॉटलैंड, कनाडा, मैक्सिको, फिनलैंड, घाना, जॉर्डन, लिथुआनिया और पैराग्वे भी शामिल हैं।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के प्रारंभिक आवेदन के बाद फीफा ने भारत को इस कार्यक्रम में शामिल किए जाने की पुष्टि की।

एआईएफएफ ने वाणिज्यिक रणनीति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी थी। एआईएफएफ ने बताया कि यह कार्यक्रम मई से अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आयोजित किया जाएगा। यह पाठ्यक्रम फीफा द्वारा देश भर में महिला फुटबॉल से जुड़े विभिन्न हितधारकों के लिए विशेष रूप से तैयार किया जाएगा।

एआईएफएफ ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘अब एआईएफएफ को एक वाणिज्यिक भागीदार का समर्थन प्राप्त है, जिससे यह कार्यक्रम क्लबों को स्थायी मॉडल बनाने के लिए आवश्यक उपकरण और जानकारी प्रदान करने के साथ ही उन्हें एएफसी (एशियाई फुटबॉल महासंघ) द्वारा शुरू की जाने वाली आगामी महिला क्लब लाइसेंसिंग प्रणाली के लिए भी तैयार करेगा।’’

एआईएफएफ के उप महासचिव एम. सत्यनारायण ने कहा, “भारत में महिला फुटबॉल के व्यावसायिक पहलू को समग्र रूप से विकसित करने का यह बिल्कुल सही समय है। हमारी तीन महिला टीमों (सीनियर, अंडर-20 और अंडर-17) का एएफसी एशियाई कप के लिए अपने-अपने आयु वर्ग में क्वालीफाई करना हमारी क्षमता को दर्शाता है। इसके साथ ही, अस्मिता अंडर-13 महिला फुटबॉल लीग ने हमें युवा स्तर पर आधार बनाने में मदद की है।”

उन्होंने कहा, ‘‘अब जब क्लबों को व्यावसायिक रणनीतियां विकसित करने, प्रायोजन हासिल करने, प्रशंसकों को जोड़ने और अन्य कई चीजों पर इस तरह का क्षमता-निर्माण प्रशिक्षण मिलेगा, तो पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को लाभ होगा। मुझे लगता है कि फीफा की यह पहल उत्कृष्ट है और हमें इसके लिए चुने जाने की खुशी है। हमें उम्मीद है कि महिला फुटबॉल से जुड़े क्लबों और हितधारकों को इससे लाभ होगा।’’

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में