भारत ने अंडर-17 महिला एशियाई कप में लेबनान को हराया, पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचा

Ads

भारत ने अंडर-17 महिला एशियाई कप में लेबनान को हराया, पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचा

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 07:44 PM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 07:44 PM IST

सुझोउ (चीन) आठ मई (भाषा) भारत ने शुक्रवार को यहां अपने आखिरी ग्रुप बी मैच में लेबनान के खिलाफ 4-0 की शानदार जीत के साथ पहली बार एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप के क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करके इतिहास रच दिया।

भारत का क्वार्टर फाइनल में पहुंचना तब पक्का हो गया जब फिलीपींस और चीनी ताइपे अपने आखिरी ग्रुप सी मैच को 12 या उससे ज्यादा गोल के अंतर से जीतने में नाकाम रहे।

सूझोउ ताइहू फुटबॉल स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए मैच में भारत की ओर से प्रीतिका बर्मन ने छठे और 85वें मिनट में दो गोल दागे, जबकि अल्वा देवी सेंजाम ने 36वें मिनट और जया ने 72वें मिनट में गोल कर टीम को ऐतिहासिक उपलब्धि के करीब पहुंचा दिया था।

इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने से भारत का 2026 फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप में स्थान पक्का हो जाएगा।

भारत ने 2005 के बाद इस टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।

इस शानदार जीत ने भारत को टूर्नामेंट की सबसे अच्छी तीसरे स्थान वाली टीमों में से एक के तौर पर क्वार्टर-फाइनल में पहुंचने में मदद की।

फिलीपींस को चीनी ताइपे को 12 गोल से हराना था जबकि चीनी ताइपे को 13 गोल से जीतना था।

भारत को इससे पहले जापान ने 3-0 जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से हराया था। भाषा आनन्द नमिता

नमिता