भारत ने इतिहास रचा, लेबनान को हराकर अंडर-17 महिला एशियाई कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा

Ads

भारत ने इतिहास रचा, लेबनान को हराकर अंडर-17 महिला एशियाई कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 08:09 PM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 08:09 PM IST

सुझोउ (चीन) आठ मई (भाषा) भारत ने शुक्रवार को यहां अपने आखिरी ग्रुप बी मैच में लेबनान के खिलाफ 4-0 की शानदार जीत के साथ पहली बार एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप के क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करके शानदार उपलब्धि हासिल की।

भारत का क्वार्टर फाइनल में पहुंचना तब पक्का हो गया जब फिलीपींस और चीनी ताइपे अपने आखिरी ग्रुप सी मैच को 12 या उससे ज्यादा गोल के अंतर से जीतने में नाकाम रहे।

थाईलैंड के साथ भारत तीसरे नंबर की दो सबसे अच्छी टीमों में से एक के तौर पर अंतिम आठ में पहुंचा।

भारत ने ग्रुप चरण तीन अंक और -1 (माइनस 1) के गोल अंतर से खत्म किया जो ग्रुप सी में फिलीपींस के -13 (माइनस 13) से काफी ज्यादा है।

सूझोउ ताइहू फुटबॉल स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए मैच में भारत की ओर से प्रीतिका बर्मन ने छठे और 85वें मिनट में दो गोल दागे, जबकि अल्वा देवी सेंजाम ने 36वें मिनट और जया ने 72वें मिनट में गोल कर टीम को ऐतिहासिक उपलब्धि के करीब पहुंचा दिया था।

भारत ने 2005 के बाद इस टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत और पहले गोल भी दर्ज किए। साथ ही यह एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप में टीम का नॉकआउट चरण के लिए पहला क्वालीफिकेशन भी है।

महिला फुटबॉल में 2004 में एएफसी अंडर-19 चैंपियनशिप के बाद यह भारत का पहला एशियाई कप नॉकआउट चरण है। टीम 2004 में क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी।

अब क्वार्टर फाइनल में भारत का सामना सोमवार को मेजबान चीन से होगा, जो ग्रुप ए में नौ अंक के साथ शीर्ष पर है।

क्वार्टर फाइनल में जीत से भारत का मोरक्को में होने वाले 2026 फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप में क्वालीफिकेशन पक्का हो जाएगा जो किसी भी स्तर पुरुष या महिला टूर्नामेंट में मेरिट के आधार पर भारत का पहला फीफा विश्व कप क्वालीफिकेशन होगा।

भारत को इससे पहले जापान ने 3-0 जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से हराया था। भाषा आनन्द नमिता

नमिता