सफेद गेंद के तीनों आईसीसी खिताब जीत सकता है भारत : आथर्टन
सफेद गेंद के तीनों आईसीसी खिताब जीत सकता है भारत : आथर्टन
अहमदाबाद, नौ मार्च (भाषा) इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल आथर्टन का मानना है कि विश्व क्रिकेट में सफेद गेंद वाले प्रारूप में भारतीय टीम का इस कदर दबदबा हो गया है कि वे सीमित ओवरों के तीनों खिताब जीत सकती है ।
भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप जीता ।
आथर्टन ने ‘स्काय स्पोटर्स क्रिकेट’ से कहा ,‘‘ भारत सिर्फ बेहतरीन टी20 टीम ही नहीं बल्कि इस समय सीमित ओवरों की भी सबसे खास टीम है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ पिछले कुछ आईसीसी वैश्विक टूर्नामेंटों में उन्होंने 32 में से 30 (इस फाइनल से पहले) मैच जीते । सिर्फ एक बार यहां 50 ओवरों के विश्व कप के फाइनल में आस्ट्रेलिया ने और इस टी20 विश्व कप में सुपर आठ के मैच में दक्षिण अफ्रीका ने उसे हराया ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ सीमित ओवरों के क्रिकेट में वह सबसे मजबूत टीम है और इस जीत की हकदार भी ।’’
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम 2023 वनडे विश्व कप में लगातार दस जीत के साथ फाइनल में पहुंची जहां उसे आस्ट्रेलिया ने हराया । इसके बाद भारत ने 2024 टी20 विश्व कप अपराजेय रहकर जीता और 2025 चैम्पियंस ट्रॉफी में भी खिताब अपने नाम किया ।
आथर्टन ने कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि वे सारे खिताब जीत लेंगे । अगले साल वनडे विश्व कप है , फिर चैम्पियंस ट्रॉफी । उनकी नजरें सारे खिताब अपने नाम करने पर लगी होंगी ।’’
भाषा मोना सुधीर
सुधीर

Facebook


