एफआईएच में भारत का खराब प्रदर्शन जारी, बेल्जियम से 2-4 से हारी

एफआईएच में भारत का खराब प्रदर्शन जारी, बेल्जियम से 2-4 से हारी

एफआईएच में भारत का खराब प्रदर्शन जारी, बेल्जियम से 2-4 से हारी
Modified Date: February 14, 2026 / 10:33 pm IST
Published Date: February 14, 2026 10:33 pm IST

राउरकेला, 14 फरवरी (भाषा) एफआईएच प्रो लीग के राउरकेला चरण में भारत का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा और उसे शनिवार को यहां बेल्जियम के खिलाफ मैच में 2-4 से हार का सामना करना पड़ा जो उसकी लगातार तीसरी पराजय है।

यह इस चरण में दोनों टीम की दूसरी भिड़ंत है। इससे पहले बेल्जियम ने 3-1 से जीत दर्ज की थी जबकि भारत को अपने अगले मैच में अर्जेंटीना के हाथों 0-8 से करारी शिकस्त मिली थी।

बेल्जियम के लिए एलेक्जेंडर हेंड्रिक्स (14वें, 17वें मिनट) ने दो गोल दागकर बढ़त की शुरूआत की। उनके अलावा हुगो लौबोयूचेरे (11वां मिनट) और आर्थर डि स्लूवर (15वां मिनट) ने गोल किए।

भारत ने दूसरे हाफ में रक्षात्मक रूप से बेहतर खेल दिखाते हुए कोई गोल नहीं खाया। उसके लिए आदित्य लालागे (24वां मिनट) और कप्तान हरमनप्रीत सिंह (37वां मिनट) ने गोल किए।

बेल्जियम ने शुरुआत से ही मैच पर नियंत्रण बना लिया। भारत के उपकप्तान हार्दिक सिंह ने शुरुआती आक्रमण से दर्शकों को उत्साहित किया, लेकिन मेजबान टीम बेल्जियम की रक्षा पंक्ति के सामने कमतर रही।

सातवें मिनट में भारत ने बढ़त लेने का दावा किया, लेकिन गोल अमान्य करार दिया गया। इसके बाद 11वें मिनट में बेल्जियम को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे लौबोयूचेरे ने सफलतापूर्वक गोल में बदला।

14वें मिनट में हेंड्रिक्स ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर दमदार ड्रैग-फ्लिक से बढ़त 2-0 कर दी। 15वें मिनट में डी स्लूवर ने स्कोर 3-0 कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में 17वें मिनट में बेल्जियम को चौथा पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे हेंड्रिक्स ने फिर से गोल में बदलते हुए स्कोर 4-0 कर दिया।

24वें मिनट में अभिषेक के शानदार ड्रिबल के बाद उनके शॉट को गोलकीपर लोइक वान डोरेन ने रोका लेकिन लालेगे ने रिबाउंड पर गोल कर भारत का खाता खोला।

37वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे कप्तान हरमनप्रीत ने बेहतरीन तरीके से गोल में बदलते हुए स्कोर 4-2 कर दिया। यह 2025-26 सत्र में उनका पहला गोल था।

आखिरी क्वार्टर में भारत ने जोरदार प्रयास किए। गोलकीपर पवन ने कई शानदार बचाव किए।

लेकिन अंततः बेल्जियम की सुदृढ़ रक्षा पंक्ति ने भारत को वापसी का मौका नहीं दिया।

भारत राउरकेला चरण का अपना अंतिम मैच रविवार को अर्जेंटीना के खिलाफ खेलेगा।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में