भारत को एशियाई चैंपियनशिप में पिस्टल निशानेबाजों से अच्छी शुरुआत की उम्मीद

Ads

भारत को एशियाई चैंपियनशिप में पिस्टल निशानेबाजों से अच्छी शुरुआत की उम्मीद

  •  
  • Publish Date - February 3, 2026 / 07:21 PM IST,
    Updated On - February 3, 2026 / 07:21 PM IST

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) दो बार की ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मनु भाकर और विश्व चैंपियन सम्राट राणा उन कई स्टार निशानेबाजों में शामिल होंगे जो बुधवार को यहां राइफल-पिस्टल एशियाई चैंपियनशिप में भारत को मजबूत शुरुआत दिलाने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे।

विश्व कप फाइनल चैंपियन सुरुचि सिंह और ईशा सिंह भी यहां डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में पहले दिन चुनौती पेश करेंगी।

बुधवार को चार फाइनल होंगे जिसमें सीनियर पुरुष और महिला 10 मीटर एयर पिस्टल के अलावा जूनियर और युवा पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा भी शामिल हैं।

मनु भाकर और ईशा सिंह के साथ सुरुचि सिंह और सम्राट राणा भी स्वर्ण पदक जीतने के प्रबल दावेदारों में शामिल होंगे।

हांगकांग की विश्व नंबर चार और विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता हो चिंग शिंग महिला 10 मीटर एयर पिस्टल में खिताब के प्रबल दावेदारों में से एक हैं। उन्होंने चार बार महाद्वीपीय प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बनाई है और 2019 में रजत पदक जीता था।

पदक की दौड़ में दुनिया की 16वें नंबर की खिलाड़ी चीनी ताइपे की चेंग येन चिंग छिपा रुस्तम साबित हो सकती हैं।

सम्राट भारतीय पुरुष टीम का नेतृत्व करेंगे जिसमें विश्व के नंबर दो खिलाड़ी और विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता वरुण तोमर और श्रवण कुमार शामिल हैं।

दुनिया के आठवें नंबर के खिलाड़ी और म्यूनिख आईएसएसएफ विश्व कप के रजत पदक विजेता कजाखस्तान के वैलेरी रखिमझान, चीनी ताइपे के सीह सियांग चेन और उज्बेकिस्तान के विश्व के 25वें नंबर के खिलाड़ी मुखम्मद कमालोव भारतीय निशानेबाजों को चुनौती पेश करेंगे।

जोनाथन गेविन एंटनी, मुकेश नेलावल्ली, बधिर ओलंपिक के पदक विजेता अभिनव देशवाल, हिमांशु राणा और प्रियांशु यादव जूनियर वर्ग में रेंज में उतरेंगे जबकि डैरेन के डॉन, गिरीश गुप्ता, अभय धामा, मनदीप चौहान, धैर्य पराशर और हार्दिक बंसल युवा वर्ग में चुनौती पेश करेंगे।

भारत ने 118 निशानेबाजों का सबसे बड़ा दल प्रतियोगिता में उतारा है जबकि कजाखस्तान ने 35 निशानेबाजों का दूसरा सबसे बड़ा दल भेजा है।

क्षेत्रीय पावरहाउस कोरिया और जापान ने भी मजबूत टीमें भेजी हैं जबकि चीनी ताइपे, वियतनाम और हांगकांग के निशानेबाजों से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द