… अमनप्रीत सिंह …
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) जील देसाई और सहजा यमलापल्ली की एकतरफा जीत से भारत ने बिली जीन किंग कप के एशिया/ओशिनिया ग्रुप-1 मुकाबले में शुक्रवार को यहां मंगोलिया पर 2-0 की अजेय बढ़त कायम कर ली। बिली जीन किंग कप में अपना पदार्पण मैच खेल रही जील ने 15 वर्षीय अनु-वजिन गैंटोर को महज 37 मिनट में सीधे सेटों में 6-0, 6-0 से हराया। सहजा ने भी डीएलटीए परिसर में खेले गए मैच में बिना कोई गेम गंवाए 32 वर्षीय जरगल अल्तानसरनाई को 42 मिनट में 6-0, 6-0 से शिकस्त दी। मंगोलिया की कमजोर टीम पर प्रभावशाली जीत के बाद भारत के सामने शनिवार को प्रतियोगिता के आखिरी दिन कोरिया की चुनौती होगी। थाईलैंड के खिलाफ मिली हार ने भारत की स्थिति को पहले ही मुश्किल बना दिया है। छह टीमों के इस ग्रुप में शीर्ष दो टीमें प्लेऑफ में पहुंचेंगी जबकि अंतिम दो टीमों को ग्रुप-2 में खिसकना पड़ेगा। ऐसे में इस बात की संभावना अधिक है कि भारत ग्रुप-1 में बना रहेगा। मंगोलिया के खिलाफ गैंटोर के अनुभवहीन होने को देखते हुए भारतीय कप्तान विशाल उप्पल ने जील को मौका दिया। टूर्नामेंट में अब तक केवल एक गेम जीत सकी गैंटोर इस स्तर के मुकाबलों के लिए अभी तैयार नहीं दिखीं। गैर-वरीयता प्राप्त गैंटोर को अभी काफी कुछ सीखना है। मुकाबले के दौरान गैंटोर अपने दम पर शायद ही कोई अंक जीत सकीं। उनके खाते में अंक तभी जुड़ा, जब भारतीय खिलाड़ी से कोई गलती हुई। मुकाबले के दौरान ऐसा लगा कि गैंटोर ने पहले ही हार मान ली थी। वह सर्विस रिटर्न भी ठीक से नहीं कर सकीं और गेंदें लगातार लाइन से बाहर जाती रहीं, जिससे मुकाबला एकतरफा बन गया। भारतीय खेमे को हालांकि इससे कोई शिकायत नहीं होगी क्योंकि प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए उसे मंगोलिया के साथ-साथ शनिवार को कोरिया के खिलाफ भी जीत दर्ज करनी है। सहजा ने भी बिना किसी परेशानी के जीत हासिल कर ली। इस मैच में भी दोनों खिलाड़ियों के खेल के स्तर में काफी बड़ा अंतर देखने को मिला। विश्व रैंकिंग में 385वें पायदान पर काबिज खिलाड़ी के खिलाफ जरगल के लिए एक गेम जीतना भी मुश्किल दिख रहा था। भाषा आनन्द नमितानमिता