बडगाम, 24 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को कहा कि भारत 2036 तक दुनिया के शीर्ष 10 खेल राष्ट्रों में शामिल होगा और 2047 तक शीर्ष पांच देशों में अपनी जगह बना लेगा।
मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने खेल प्रशासन को अधिक सुव्यवस्थित किया है और देश में एक संगठित खेल ढांचा तैयार किया गया है।
उन्होंने मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के ओमपोरा में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के 30-बिस्तर वाले अस्पताल का उद्घाटन करने के बाद कहा, “सरकार युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर दे रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत 2036 तक दुनिया के शीर्ष 10 खेल राष्ट्रों में होगा और 2047 तक शीर्ष पांच देशों में शामिल होगा।”
मंत्री ने आगे कहा कि सरकार के लगातार प्रयासों से देश में खेलों का आधारभूत ढांचा मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा, “भारत ने 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी हासिल की है और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी बोली लगाई है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की आवश्यकताओं को पूरा करने की प्रक्रिया जारी है।”
मांडविया ने कहा, “देश में खेल पारिस्थितिकी तंत्र लगातार बेहतर हो रहा है। फिट इंडिया अभियान और खेलो इंडिया कार्यक्रम जैसे अभियानों के माध्यम से युवाओं को अधिक अवसर मिल रहे हैं।”
भाषा आनन्द
आनन्द