नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) आस्ट्रेलिया में जन्मे फॉरवर्ड रियान विलियम्स भारत के लिये पदार्पण कर सकते हैं जिन्हें हांगकांग के खिलाफ 31 मार्च को कोच्चि में होने वाले एएफसी एशियाई कप 2027 क्वालीफायर के लिये 23 सदस्यीय भारतीय फुटबॉल टीम में जगह मिली है ।
फीफा से फुटबॉल संघ बदलने की मंजूरी मिलने के बाद 31 वर्ष के विलियम्स को सीनियर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिये खेलने का मौका मिल सकता है ।
वह बांग्लादेश के खिलाफ क्वालीफायर की तैयारी के लिये शिविर में थे लेकिन कागजी कार्रवाई पूरी नहीं होने के कारण वह खेल नहीं सके ।
एशियाई कप क्वालीफिकेशन की दौड़ से बाहर हो चुकी भारतीय टीम अपने अभियान का सकारात्मक अंत करना चाहेगी ।
विलियम्स की मां मुंबई के आंग्ल भारतीय परिवार से है । वह जापान में जन्मे अराटा इजुमी के बाद भारत के लिये खेलने वाले विदेश में जन्मे भारतीय मूल के दूसरे खिलाड़ी होंगे । इजुमी ने 2013 से 2014 के बीच भारत के लिये खेला था ।
पर्थ में 1993 में जन्मे विलियम्स ने पेशेवर कैरियर की शुरूआत इंग्लैंड में की थी । वह 2010 में पोटर्समाउथ अकादमी से जुड़े और अगले साल सीनियर टीम का हिस्सा बने । अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वह आस्ट्रेलिया के लिये जूनियर फुटबॉल खेल चुके हैं ।
आस्ट्रेलियाई सीनियर टीम के लिये उन्होंने एकमात्र मैच 2019 में दक्षिण कोरिया के खिलाफ दोस्ताना मैच खेला था ।
भारतीय टीम :
गोलकीपर : अल्बिनो गोमेस, गुरप्रीत सिंह संधू, विशाल कैथ
डिफेंडर : अभिषेक सिंह टेकचाम, आकाश मिश्रा, अनवर अली, बिजॉय वर्गीस, निखिल पुजारी, राहुल भेके, रोशन सिंह नाओरेम, संदेश झिंगन
मिडफील्डर : आशिक कुरूनियन, दानिश फारूक, जैकसन सिंह , लालेंगमाविया राल्टे, सहल अब्दुल समद
फॉरवर्ड : एडमंड लालरिंडिका, फारूक चौधरी, लालियांजुआला छांगटे, लिस्टन कोलासो, मनवीर सिंह, रहीम अली, रियान विलियम्स
मुख्य कोच : खालिद जमील
भाषा मोना पंत
पंत