हांगझोउ में आईएसएसएफ विश्व कप में भारतीय निशानेबाजो ने फिर किया निराश
हांगझोउ में आईएसएसएफ विश्व कप में भारतीय निशानेबाजो ने फिर किया निराश
हांगझोउ, 23 जुलाई (भाषा) भारतीय निशानेबाज आईएसएसएफ विश्व कप (राइफल/पिस्टल/शॉटगन) में लगातार दूसरे दिन पदक से महरूम रहे जबकि बृहस्पतिवार को यहां कतर, स्वीडन और नॉर्वे जैसे देश भी अपना खाता खोलने में सफल रहे।
पहले दिन के निराशाजनक प्रदर्शन का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। इसी साल आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों से पहले यह भारत के लिए आखिरी बड़ा टूर्नामेंट है लेकिन इसमें सुधार के बहुत कम संकेत दिखे।
विदर्शा विनोद एकमात्र उम्मीद की किरण रहीं जो महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा के फाइनल में पहुंचीं और छठे स्थान पर रहीं। ब्रिटेन की दुनिया की तीसरे नंबर की निशानेबाज सियोनाइड मैकिंटोश ने स्वर्ण पदक जीता जबकि चीन की हान जियायु ने रजत और नॉर्वे की जेनी स्टेने ने कांस्य पदक हासिल किया।
विदर्शा ने क्वालीफिकेशन में 587 के स्कोर के साथ सातवें स्थान पर रहते हुए आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई थी।
बाकी भारतीय निशानेबाज संघर्ष करते दिखे। आशी चौकसे ने क्वालीफिकेशन में 585 का स्कोर किया और 23वें स्थान पर रहीं जबकि तिलोत्तमा सेन केवल 580 का स्कोर कर पाईं और 40वें स्थान पर रहीं। इससे सितंबर-अक्टूबर में होने वाले एशियाई खेलों से पहले इस आखिरी वैश्विक प्रतियोगिता में भारत का खराब प्रदर्शन जारी रहा।
पुरुषों की स्कीट स्पर्धा में गुरजोत खंगुरा ने 25-25 के दो परफेक्ट राउंड खेले और 125 में से 121 के स्कोर के साथ क्वालीफिकेशन पूरा किया। उन्होंने कुवैत के मोहम्मद अलावाद के खिलाफ शूट ऑफ जीतकर फाइनल में आठवां और आखिरी स्थान हासिल किया लेकिन इसका फायदा नहीं उठा सके और अंत में छठे स्थान पर रहे।
अभय सिंह सेखों 119 के स्कोर से 20वें स्थान पर रहे जबकि 53 वर्षीय अनुभवी परमपाल सिंह गुरोन 86 निशानेबाजों के बीच 107 के स्कोर के साथ निराशाजनक रूप से 81वें स्थान पर रहे। इस नतीजे से भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) की चयन नीति पर सवाल उठ सकते हैं।
भारत की महिला स्कीट निशानेबाज फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। गनेमत सेखों 125 में से 113 के स्कोर के साथ 23वें स्थान पर रहीं। यशस्वी राठौड़ (110) 28वें और दर्शा राठौड़ (109) 34वें स्थान पर रहीं।
पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में भावेश शेखावत ने चरण एक में 292 अंक के साथ नौवें स्थान पर रहकर भारत की उम्मीदें बनाए रखीं। विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता अनीश भानवाला 288 अंक के साथ 21वें स्थान पर हैं जबकि ओंकार सिंह भी इतने ही अंकों के साथ संयुक्त रूप से 23वें स्थान पर रहे।
चार दो शुक्रवार को होगा जिसके बाद शीर्ष आठ निशानेबाज फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगे।
चीन दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक के साथ पदक तालिका में सबसे आगे है। अमेरिका एक स्वर्ण और एक रजत पदक के साथ दूसरे स्थान पर है। ग्रेट ब्रिटेन और कतर के पास एक-एक स्वर्ण पदक है।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


