एशियाड से पहले भारतीय निशानेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन, चीन ने पहले दिन दोनों स्वर्ण जीते

Ads

एशियाड से पहले भारतीय निशानेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन, चीन ने पहले दिन दोनों स्वर्ण जीते

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 06:07 PM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 06:07 PM IST

हांगझोउ (चीन), 22 जुलाई (भाषा) मेजबान चीन ने बुधवार को यहां आईएसएसएफ विश्व कप के पहले दिन दबदबा बनाते हुए दोनों स्वर्ण पदक जीत लिए जबकि भारत का कोई भी निशानेबाज पदक नहीं जीत सका।

इससे भारतीय निशानेबाजों को जापान में सितंबर में होने वाले एशियाई खेलों से पहले अंतिम अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में वहां मिलने वाली कड़ी चुनौती का अहसास हो गया।

भारत की शुरुआत निराशाजनक रही क्योंकि 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम में से कोई भी क्वालीफिकेशन चरण पार नहीं कर सकी।

कई विश्व कप स्वर्ण पदक जीत चुकी सुरुचि इंदर सिंह और केदारलिंग उचगांवें की जोड़ी ने कुल 577 अंक के साथ नौवां स्थान हासिल किया।

भारत की दूसरी जोड़ी सैन्यम और कमलजीत ने भी कुल 577 अंक बनाए, लेकिन उन्हें 11वें स्थान से संतोष करना पड़ा।

चीन के लिए याओ जियानजुन और हू काई ने 488.4 अंक के विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। चीन की दूसरी जोड़ी शेन यियाओ और बू शुआइहांग (485.7) ने रजत पदक हासिल किया जबकि दक्षिण कोरिया और व्यक्तिगत तटस्थ एथलीट (एआईएन) चौथे स्थान पर रहे।

पुरुष 10 मीटर एयर राइफल में जूनियर विश्व चैंपियन राकेश पार्थ माने ने 633.4 अंक के साथ क्वालीफिकेशन में दूसरा स्थान हासिल किया। उनसे आगे केवल चीन के दो बार के ओलंपिक चैंपियन शेंग लिहाओ रहे जिन्होंने 637.5 अंक बनाए।

हालांकि फाइनल में माने अपनी लय बरकरार नहीं रख सके और 145.5 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहे। शेंग लिहाओ ने 253.9 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि उनके हमवतन झांग चांगहोंग (252.4) दूसरे स्थान पर रहे।

अन्य भारतीय निशानेबाज भी प्रभाव नहीं छोड़ सके। तुषार माने 630.5 अंक के साथ 12वें और हिमांशु ढिल्लों 629.3 अंक के साथ 22वें स्थान पर रहे। भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन यह दिखाता है कि एशियाई खेलों से पहले चीन जैसी मजबूत टीम की बराबरी करने के लिए अभी काफी सुधार की जरूरत है।

महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में तिलोत्तमा सेन एलीमिनेशन रिले-2 में 586 अंक के साथ आठवें स्थान, आशी चौकसे रिले-1 में 583 अंक के साथ आठवें स्थान जबकि विदर्शा विनोद एलीमिनेशन रिले-1 में नौवें स्थान पर रहीं।

पुरुषों की स्कीट स्पर्धा में पहले तीन दौर के बाद गुरजोत सिंह खंगूरा 75 में 71 अंक के साथ संयुक्त 23वें स्थान पर भारत के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे। अभय सिंह सेखों 69 अंक के साथ संयुक्त 41वें और परमपाल सिंह गुरों 62 अंक के साथ 86 निशानेबाजों में संयुक्त 78वें स्थान पर रहे। बृहस्पतिवार को होने वाले दो और दौर के बाद फाइनल के आठ निशानेबाज तय होंगे।

महिलाओं की स्कीट स्पर्धा में गनेमत सेखों 75 में 67 अंक के साथ संयुक्त 22वें स्थान पर रहीं। यशस्वी राठौड़ (65 अंक) संयुक्त 33वें और दर्शा राठौड़ (64 अंक) संयुक्त 37वें स्थान पर रहीं।

भाषा नमिता मोना

मोना

ताजा खबर