डोपिंग मामले में भारतीय टेनिस खिलाड़ी परीक्षित सोमानी पर चार साल का प्रतिबंध
डोपिंग मामले में भारतीय टेनिस खिलाड़ी परीक्षित सोमानी पर चार साल का प्रतिबंध
लंदन, 23 सितंबर (भाषा) भारतीय टेनिस खिलाड़ी परीक्षित सोमानी पर प्रतिबंधित पदार्थ ट्राइमेटाजिडीन के सेवन का दोषी पाए जाने के बाद बुधवार को चार साल का प्रतिबंध लगा दिया गया।
युगल वर्ग में करियर की सर्वश्रेष्ठ 256 रैंकिंग हासिल करने वाले 26 वर्षीय सोमानी पिछले साल कजाखस्तान के अस्ताना में एटीपी चैलेंजर टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के दौरान प्रतिबंधित दवा के लिए पॉजिटिव पाए गए थे।
अंतरराष्ट्रीय टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (आईटीआईए) ने कहा, ‘‘एक स्वतंत्र न्यायाधिकरण ने टेनिस के डोपिंग रोधी नियमों के तहत भारतीय टेनिस खिलाड़ी परीक्षित सोमानी को चार साल के लिए निलंबित कर दिया है।’’
सोमानी को 23 सितंबर 2025 से अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था और स्वतंत्र न्यायाधिकरण ने उन्हें सितंबर 2029 तक प्रतिबंधित कर दिया है।
आईटीआईए ने कहा, ‘‘2025 के अंत में अस्थायी निलंबन के दौरान सोमानी ने संदूषण के कई संभावित स्रोतों की जांच के लिए आईटीआईए के खिलाड़ी सहायता कार्यक्रम का सहारा लिया। हालांकि अमेरिका के साल्ट लेक सिटी स्थित विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में जांच किए गए उत्पादों में ट्राइमेटाजिडीन नहीं पाया गया।’’
फरवरी 2026 में खिलाड़ी ने दावा किया कि उन्होंने परिवार के एक सदस्य द्वारा तैयार किया गया भोजन खाया था और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान वह उस सदस्य की दवा से दूषित हो गया था।
आईटीआईए ने कहा, ‘‘19 अगस्त 2026 को स्वतंत्र न्यायाधिकरण के समक्ष हुई सुनवाई में सोमानी ने इसी को अपने बचाव का आधार बनाया। सोमानी और आईटीआईए की ओर से पेश विशेषज्ञ वैज्ञानिक राय पर विचार करने के बाद स्वतंत्र न्यायाधिकरण ने निष्कर्ष निकाला कि भोजन के दूषित होने से संबंधित सिद्धांत ‘वैज्ञानिक रूप से असंभव’, ‘बेहद अटकलबाजी पर आधारित’ और ‘अविश्वसनीय’ थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘न्यायाधिकरण ने निर्धारित किया कि सोमानी अपने नमूने में पाए गए प्रतिबंधित पदार्थ के स्रोत को स्थापित नहीं कर सके। टेनिस के डोपिंग रोधी नियमों के अनुरूप न्यायाधिकरण ने सोमानी पर चार साल का प्रतिबंध लगाया।’’
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


