भारतीय भारोत्तोलक राष्ट्रमंडल और एशियाड से पहले एशियाई चैंपियनशिप में लय हासिल करने की कोशिश करेंगे

भारतीय भारोत्तोलक राष्ट्रमंडल और एशियाड से पहले एशियाई चैंपियनशिप में लय हासिल करने की कोशिश करेंगे

भारतीय भारोत्तोलक राष्ट्रमंडल और एशियाड से पहले एशियाई चैंपियनशिप में लय हासिल करने की कोशिश करेंगे
Modified Date: May 10, 2026 / 06:19 pm IST
Published Date: May 10, 2026 6:19 pm IST

गांधीनगर, 10 मई (भाषा) भारतीय भारोत्तोलक सोमवार से यहां शुरू हो रही एशियाई चैंपियनशिप में घरेलू समर्थन का फायदा उठाकर शानदार प्रदर्शन करने और राष्ट्रमंडल खेलों तथा एशियाई खेलों से पहले अपनी तैयारियों को मजबूत करने की कोशिश करेंगे।

आगामी राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों को देखते हुए यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यहां के प्रदर्शन और इससे हासिल अंक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी दावेदारी मजबूत करेंगे।

भारत ने इस प्रतियोगिता के लिए अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं का मिश्रण उतारा है

ओलंपिक रजत पदक विजेता मीराबाई चानू हालांकि इस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेंगी, क्योंकि वह कंधे की चोट से उबर रही हैं। उनकी अनुपस्थिति में राष्ट्रमंडल पदक विजेता बिंद्यारानी देवी, हरजिंदर कौर और लवप्रीत सिंह पर निगाहें रहेंगी।

भारत ने पुरुष और महिला वर्ग में आठ-आठ खिलाड़ियों सहित कुल 16 सदस्यीय टीम उतारी है। मेजबान होने के नाते चार अतिरिक्त खिलाड़ियों को भी भागीदारी का अवसर मिला है।

टीम में कई युवा प्रतिभाएं भी शामिल हैं। बेदाब्रत भराली और ज्ञानेश्वरी यादव को उन उभरते खिलाड़ियों में माना जा रहा है, जिन पर सप्ताह भर चलने वाली इस प्रतियोगिता में विशेष नजर रहेगी।

पिछले सत्र में भारत को निराशा हाथ लगी थी, जब 2025 में चीन में आयोजित चैंपियनशिप में केवल दो भारतीय भारोत्तोलकों ने हिस्सा लिया था और टीम खाली हाथ लौटी थी।

यह चैंपियनशिप मूल रूप से अप्रैल में आयोजित होनी थी, लेकिन पश्चिम एशिया में तनाव के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।

टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे अतिथि देशों सहित 30 देशों के 170 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

प्रतियोगिता में कई ओलंपिक और विश्व चैंपियन भी आकर्षण का केंद्र होंगे। चीन के 102 किलोग्राम वर्ग के मौजूदा ओलंपिक और विश्व चैंपियन लियू हुआनहुआ सबसे बड़े दावेदारों में शामिल हैं।

तोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता कतर के फारेस इब्राहिम भी इस प्रतियोगिता में उतरेंगे। उनके अलावा उत्तर कोरिया के विश्व चैंपियन कांग ह्योन ग्योंग और री सुक भी चुनौती पेश करेंगे।

भारतीय दल:

महिला: कोमल कोहर (48 किग्रा), ज्ञानेश्वरी यादव (53 किग्रा), बिंद्यारानी देवी (58 किग्रा), निरुपमा देवी (63 किग्रा), हरजिंदर कौर (69 किग्रा), संजना (77 किग्रा), वंशिता वर्मा (86 किग्रा), मरीना देवी (86 किग्रा से अधिक)।

पुरूष: ऋषिकांत सिंहचनबम (60 किग्रा), एम राजा (65 किग्रा), अजित नारायण (71 किग्रा), बेदाब्रत भराली (79 किग्रा), अभिषेक सुरेशनिपाने (88 किग्रा), हरचरण सिंह (110 किग्रा), पर्व चौधरी (94 किग्रा), लवप्रीत सिंह (110 किग्रा से अधिक)।

‘गेस्ट प्लेयर’ : कोयल बार (53 किग्रा – महिला), माधवन थिरुमुरुगन (71 किग्रा) ,पेसी चारू (65 किग्रा), बाबू वल्लूरी अजया (79 किग्रा), सभी पुरूष।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में