भारतीय महिला अंडर-17 टीम के सामने बांग्लादेश की चुनौती

Ads

भारतीय महिला अंडर-17 टीम के सामने बांग्लादेश की चुनौती

  •  
  • Publish Date - February 1, 2026 / 04:04 PM IST,
    Updated On - February 1, 2026 / 04:04 PM IST

पोखरा, एक फरवरी (भाषा) भारतीय टीम सैफ अंडर-19 महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के अपने दूसरे मुकाबले में सोमवार को यहां जब पोखरा रंगशाला स्टेडियम में मजबूत बांग्लादेश के खिलाफ मैदान पर उतरेगी तो उसकी कोशिश एक मैच शेष रहते फाइनल में जगह पक्की करने की होगी।

इस साल के आखिर में चीन में होने वाले एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप की तैयारियों में लगी पामेला कॉन्टी की टीम ने अपने अभियान की शुरुआत मेजबान नेपाल के खिलाफ कड़े मुकाबले में 1-0 की जीत के साथ की थी।

भारतीय टीम अगर इस मैच को जीतने में सफल रही तो फाइनल के लिए उसका दावा लगभग पक्का हो जायेगा।

भारत को इससे पहले मेजबान नेपाल से कड़ी चुनौती मिली लेकिन पर्ल फर्नांडिस ने 49वें मिनट में गोल कर मैच में बड़ा अंतर पैदा किया। यह इस 16 वर्षीय स्ट्राइकर का अंडर-17 राष्ट्रीय टीम के लिए 10वां गोल था।

कोच कॉन्टी ने इस मैच के बाद कहा था कि खिलाड़ियों ने अधिक कोशिश करने के कारण अधिक गलतियां की।

कॉन्टी ने कहा, “ मुझे लगता है कि नये कोच के तौर पर मेरे आने के बाद खिलाड़ियों में कुछ कर दिखाने और खुद को साबित करने की ललक है। वे टीम में अपनी जगह को लेकर अभी पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं और ज्यादा दिखाने की कोशिश में सामान्य से अधिक गलतियां कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कुल मिलाकर मैं खुश हूं क्योंकि मैंने कई अच्छी बातें देखीं, लेकिन कुछ ऐसी चीजें भी थीं जिन पर हमें काम करने की जरूरत है और हम यहां इसी उद्देश्य से आए हैं।”

हिमालय की खूबसूरत पृष्ठभूमि में स्थित पोखरा के मैदान की परिस्थिति भारत की गेंद को अपने कब्जे में रखने की खेल शैली के लिए चुनौतीपूर्ण रही है।

भारत का पूरा ध्यान अब बांग्लादेश पर है, जिसने भूटान के खिलाफ 12-0 की शानदार जीत के साथ टूर्नामेंट में कमाल की शुरुआत की है। टीम को उनसे नेपाल की तुलना में अधिक कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है।

कॉन्टी और उनके सहयोगी स्टाफ ने बांग्लादेश के मैच को भी देखा ताकि उनकी ताकत का आकलन किया जा सके।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि बांग्लादेश शारीरिक रूप से मजबूत प्रतिद्वंद्वी है और हमें इसे ध्यान में रखना होगा। तकनीकी रूप से अगर हम बेहतर तरीके से काम करें तो हम उन पर दबदबा बना सकते हैं।’’

भाषा आनन्द पंत

पंत