नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) ने सोमवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों की पैरा स्पर्धाओं के लिए देश के दल को शानदार विदाई दी।
स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 23 जुलाई से दो अगस्त तक किया जाएग। पैरा खेलों में भारत के अभियान की शुरुआत 24 जुलाई को पैरा पावरलिफ्टिंग, पैरा तैराकी और तीन गुणा तीन व्हीलचेयर बास्केटबॉल के साथ होगी।
खर्चों में कटौती करने के लिए इस बार राष्ट्रमंडल खेलों की पैरा स्पर्धाओं में सिर्फ छह खेलों को शामिल किया है जिसमें भारत ने पांच खेलों में 28 खिलाड़ियों का दल उतारा है। पैरा पावरलिफ्टिंग, पैरा तैराकी और तीन गुणा तीन व्हीलचेयर बास्केटबॉल के अलावा भारत पैरा एथलेटिक्स और पैरा ट्रैक साइकिलिंग में चुनौती पेश करेगा।
पीसीआई अध्यक्ष देवेंद्र झाझडिया ने विदाई समारोह के दौरान खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘‘मैं खिलाड़ियों से कहना चाहता हूं कि आपको कोई दबाव नहीं लेना है। आप जैसा प्रदर्शन ट्रेनिंग के दौरान कर रहे हैं उसी प्रदर्शन को आपको ग्लास्गो में दोहराना है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं खिलाड़ियों को कहना चाहता हूं कि आप सिर्फ खेलने के लिए नहीं जा रहे बल्कि एक मिशन पर जा रहे हैं और आपको पदक जीतकर देश का नाम रोशन करना है। आपको खेल को खेल भावना के साथ खेलना है और अच्छा संदेश देना है। आपको आक्रामक होना है लेकिन किसी अन्य खिलाड़ी का अपमान नहीं करना।’’
झाझडिया ने उम्मीद जताई कि इस बार भारतीय खिलाड़ी ऐतिहासिक प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘पहले खिलाड़ी सिर्फ खेलने जाते थे लेकिन अब खिलाड़ी पदक जीतने जा रहे हैं। इस बार का प्रदर्शन ऐतिहासिक होगा। राष्ट्रमंडल खेलों की पैरा स्पर्धाओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का प्रदर्शन असाधारण रहेगा। हम कम से कम पांच से छह पदक जीतेंगे।’’
पीसीआई की चेयरपर्सन डॉ. पायल कनोडिया ने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई करते हुए कहा, ‘‘मैं खिलाड़ियों को दोहराना चाहता हूं कि वे अकेले नहीं हैं। पूरा देश उनके साथ है। पैरा खिलाड़ी जब राष्ट्रमंडल खेलों में चुनौती पेश करेंगे तो एक अरब 40 करोड़ भारतीय उनकी हौसलाअफजाई करेंगे।’’
समारोह में अतिथि के रूप में मौजूद हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि उनका राज्य फरीदाबाद में 100 करोड़ रुपये की लागत से देश का पहला पैरालंपिक स्टेडियम बना रहा है।
गौतम ने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने अपने अब तक के कार्यकाल में खिलाड़ियों के बीच 50 करोड़ रुपये से अधिक की इनामी राशि बांटी है। साथ ही खिलाड़ियों को उप निदेशक स्तर तक की नौकरियां दी गई हैं। पैरा खिलाड़ियों के लिए हम फरीदाबाद में 100 करोड़ रुपये की लागत से पैरा खेलों का स्टेडियम बना रहे हैं जो देश में अपनी तरह का पहला स्टेडियम होगा।’’
भाषा सुधीर मोना
मोना