वाहन स्क्रैप नीति से 1.95 लाख से अधिक पुराने वाहन हुए चलन से बाहर

Ads

वाहन स्क्रैप नीति से 1.95 लाख से अधिक पुराने वाहन हुए चलन से बाहर

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 09:07 AM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 09:07 AM IST

लखनऊ, 20 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार की वाहन स्क्रैप नीति के तहत सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिये इस साल 30 जून तक एक लाख 95 हजार से अधिक पुराने और अनुपयोगी वाहनों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया है।

राज्य सरकार द्वारा सोमवार को जारी एक बयान के मुताबिक नीति लागू होने के बाद इस साल 30 जून तक प्रदेश में 1.85 लाख से अधिक निजी और 10 हजार से अधिक सरकारी वाहनों को अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्रों के माध्यम से निस्तारित किया जा चुका है।

बयान के अनुसार इस तरह प्रदेश में अब तक कुल 1.95 लाख से अधिक पुराने व अनुपयोगी वाहनों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक प्रदेश सरकार ने वाहन स्क्रैपिंग की पूरी प्रक्रिया को तकनीक आधारित, पारदर्शी और आसान बनाया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान समय में 101 रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी (आरवीएसएफ) का पंजीकरण किया जा चुका है, जिनमें से 50 केंद्र पूरी तरह संचालित हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इन केंद्रों के माध्यम से पुराने और अनुपयोगी वाहनों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया केंद्र सरकार के वी-स्क्रैप पोर्टल व वाहन प्रणाली के जरिए ऑनलाइन संचालित होती है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होने के साथ वाहन स्वामियों को भी अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है।

भाषा सलीम रंजन

रंजन