भारत की उम्मीदें टीम की गहराई, घरेलू समर्थन पर : उप्पल

Ads

भारत की उम्मीदें टीम की गहराई, घरेलू समर्थन पर : उप्पल

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 02:42 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 02:42 PM IST

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा)भारतीय कप्तान विशाल उप्पल ने बिली जीन किंग कप एशिया ओशियाना ग्रुप एक के मुकाबले से पहले अपनी टीम की गहराई और तैयारियों पर भरोसा जताते हुए सोमवार को कहा कि खिलाड़ियों की चोट के बावजूद उनकी टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने को तैयार है ।

डीएलटीए परिसर में बातचीत के दौरान उप्पल ने कहा कि दिल्ली में बेमौसम की बरसात से टीम की तैयारियों पर असर नहीं पड़ा है ।

उन्होंने कहा ,‘‘ हमें अप्रैल में दिल्ली में अधिक गर्मी की आदत है लेकिन मौसम पर हमारा नियंत्रण नहीं है । हमने अच्छा अभ्यास किया है और टीम शीर्ष स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन के लिये तैयार है ।’’

भारत छह टीमों के ग्रुप एक में इंडोनेशिया, कोरिया, थाईलैंड, मंगोलिया और न्यूजीलैंड के साथ खेलेगी ।

उप्पल ने कहा ,‘‘ एशिया में यह शीर्ष ग्रुप है और कई बेहतरीन खिलाड़ी खेलेंगे । यह हर टीम के लिये बड़ी चुनौती होगा और हमें रोमांचक टेनिस देखने को मिलेगी ।’’

श्रीवल्ली भामिदीपति को लगी चोट के बारे में उन्होंने कहा कि प्रबंधन को हालात का अनुमान था ।

उन्होंने कहा ,‘‘ हमें उसकी चोट के बारे में पता था और हमने जरूरी बदलाव कर लिये थे । हमारी टीम में काफी गहराई है और मुझे उम्मीद है कि ये लड़कियां उम्दा प्रदर्शन करेंगी ।’’

उनकी जगह खेल रही जील देसाई ने कहा ,‘‘ देश के लिये खेलना सौभाग्य की बात है । मैं बहुत रोमांचित हूं और हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे ।’’

भाषा मोना पंत

पंत