चंडीगढ़, 28 मार्च (भाषा) भारत की पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर और मिश्रित चार गुणा 100 मीटर रिले टीम ने शनिवार को यहां अंतरराष्ट्रीय आमंत्रण रिले प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मई में बोत्सवाना में होने वाली विश्व एथलेटिक्स रिले के लिए क्वालीफाई करने की दिशा में कदम बढ़ाया।
पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर टीम में मनु टीएस, अमोज जैकब, डी चौधरी और राजेश रमेश शामिल थे। उन्होंने 3:01.43 सेकंड के समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। इस प्रदर्शन से उनकी स्थिति काफी मजबूत हुई है।
वे बोत्सवाना के गैबोरोन में दो-तीन मई को होने वाली विश्व एथलेटिक्स रिले में जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
मिश्रित चार गुणा 100 मीटर रिले में राष्ट्रीय बी टीम ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस चौकड़ी ने 42.30 सेकंड का समय निकाला और तमिलनाडु के 2025 में बनाए गए 43.44 सेकंड के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
भारत की ए टीम 42.34 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रही जबकि मालदीव तीसरे स्थान पर रहा।
पुरुषों की चार गुणा 100 मीटर रिले टीम के लिए यह दिन निराशाजनक रहा। हीट्स में डिस्क्वालीफाई होने से उनकी उम्मीदें खत्म हो गईं।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने मिश्रित चार गुणा 100 मीटर रिले में दो टीमें उतारीं और मुख्य एथलेटिक्स कोच राधाकृष्णन नायर ने कहा कि दोनों टीमों के सदस्यों ने बेहद शानदार प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय मिश्रित चार गुणा 400 मीटर रिले और महिलाओं की चार गुणा 100 मीटर रिले टीम भी विश्व एथलेटिक्स रिले में जगह बनाने की मजबूत दावेदार हैं।
देश की महिलाओं की चार गुणा 100 मीटर रिले टीम ने 2025 गुमी एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 43.86 सेकंड का समय निकाला था। उनकी मौजूदा विश्व रैंकिंग 23 है। चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले टीम की मौजूदा विश्व रैंकिंग 22 है।
भाषा नमिता मोना
मोना