राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे भारत के शीर्ष जूनियर ट्रैक एवं फील्ड एथलीट
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे भारत के शीर्ष जूनियर ट्रैक एवं फील्ड एथलीट
तुमकुर (कर्नाटक), 23 अप्रैल (भाषा) देश की उभरती हुई ट्रैक एवं फील्ड प्रतिभाओं की परीक्षा शुक्रवार से यहां महात्मा गांधी स्टेडियम में शुरू हो रही तीन दिवसीय राष्ट्रीय जूनियर (अंडर-20) एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में होगी जिसमें कई खिलाड़ियों की नजरें भविष्य में भारत का प्रतिनिधित्व करने पर टिकी होंगी।
अगले महीने हांगकांग में होने वाली एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप को ध्यान में रखते हुए इस प्रतियोगिता में काफी कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है, विशेषकर तब जब भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता के लिए कड़े क्वालीफिकेशन मानक घोषित किए हैं।
पहले दिन पदक के लिए शुरुआती स्पर्धाएं पुरुषों और महिलाओं दोनों वर्गों में पांच हजार मीटर की दौड़ होंगी लेकिन सभी की निगाहें 100 मीटर पुरुष फर्राटा दौड़ पर टिकी होंगी जिसमें झारखंड के पार्थ सिंह, ओडिशा के प्रतीक महाराणा और अन्य धावकों के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।
पार्थ का पिछला सत्र काफी शानदार रहा था और वे इस स्पर्धा में अपना दबदबा कायम करने के लिए उत्सुक होंगे। इस स्पर्धा में कुल 79 धावकों ने हिस्सा लेने की पुष्टि की है जबकि पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में भी 93 प्रतिभागियों के साथ मुकाबला उतना ही कड़ा होने की उम्मीद है।
यह प्रतियोगिता ओडिशा के अंतरराष्ट्रीय 400 मीटर धावक बापी हंसदा के लिए भी एक आदर्श मंच साबित होगी। बापी उत्तराखंड में आयोजित 2025 राष्ट्रीय खेलों के दौरान लगी चोट के कारण लंबे समय तक खेल से बाहर रहने के बाद वापसी कर रहे हैं।
केरल के उभरते हुए धावक मोहम्मद अशफाक ने भी इस प्रतियोगिता में भागीदारी की पुष्टि कर दी है। वे हांगकांग प्रतियोगिता के लिए राष्ट्रीय टीम में जगह पक्की करने के लिए उत्सुक होंगे। इस स्पर्धा में कुल 89 खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करेंगे।
प्रतियोगिता के पहले दिन सबसे तेज महिला धावक का भी फैसला होगा। महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में 37 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेने की पुष्टि की है।
महिलाओं की पोल वॉल्ट और चक्का फेंक स्पर्धाओं में भी पदक विजेताओं का फैसला होगा।
कुल मिलाकर 709 पुरुषों सहित 1,059 खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में भागीदारी की पुष्टि की है। यह प्रतियोगिता रविवार को संपन्न होगी।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


