(मोना पार्थसारथी)
नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) नीदरलैंड में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण में अपने नाम से उल्लेख से हर्षित भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच शोर्ड मारिन ने कहा कि इससे उन्हें और उनकी टीम को विश्व कप समेत आगामी टूर्नामेंटों में और बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलेगी ।
द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में हॉकी के विकास में डच कोचों की भूमिका का जिक्र किया और खास तौर पर मारिन की तारीफ की । उन्होंने भारतीय समुदाय से 15 से 30 अगस्त के बीच नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले विश्व कप में भारतीय टीमों की हौसलाअफजाई का आग्रह भी किया ।
मारिन ने भाषा से बातचीत में कहा ,‘‘ मुझे नीदरलैंड से किसी ने यह वीडियो भेजा जो उस समय कार्यक्रम में मौजूद था जहां प्रधानमंत्री मोदी बोल रहे थे । भारतीय हॉकी के लिये उनके समर्थन से मुझे काफी सम्मान और आभार महसूस हुआ ।’’
व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के उद्देश्य से मोदी शुक्रवार को अपने पांच देशों की यात्रा के दूसरे चरण में नीदरलैंड पहुंचे।
प्रधानमंत्री मोदी ने द हेग में कहा ,‘‘ जैसे क्रिकेट में भारतीयों का योगदान है , वैसे ही भारत की हॉकी में नीदरलैंड का भी बड़ा योगदान है । भारतीय हॉकी को और निखारने में डच कोचों की भी मेहनत रही है । हमारी महिला हॉकी टीम बीते कुछ समय से शानदार प्रदर्शन कर रही है और इसमें कोच शोर्ड मारिन की अहम भूमिका है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ इस वर्ष हॉकी विश्व कप का मेजबान नीदरलैंड भी है । आप सभी को भारत के मैच देखने जरूर जाना है । ये बात पक्की है कि विश्व कप जो भी टीम जीते, लेकिन इसमें भारत और नीदरलैंड की दोस्ती जरूर जीतेगी ।’’
यह पूछने पर कि क्या प्रधानमंत्री के उल्लेख के बाद अब उन्हें अच्छे प्रदर्शन का अतिरिक्त दबाव महसूस हो रहा है, मारिन ने कहा कि यह दबाव नहीं बल्कि सकारात्मक उत्साहवर्धन है ।
उन्होंने कहा ,‘‘ हम हमेशा खुद पर दबाव डालते हैं क्योंकि हमें जीतना और अच्छा प्रदर्शन करना होता है । यह दबाव नहीं बल्कि सकारात्मक उत्साहवर्धन है ।’’
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हारने पर भी टीम का उत्साहवर्धन करते हैं ।
उन्होंने तोक्यो ओलंपिक 2020 की यादें ताजा करते हुए कहा ,‘‘ हमें पता है कि जब हम जीत नहीं पाते , तब भी वह हमारे साथ होते हैं । तोक्यो में कांस्य पदक का मुकाबला हारने के बाद उन्होंने हमें उसी तरह फोन किया, जैसे आस्ट्रेलिया पर जीत दर्ज करने के बाद किया था । उन्होंने हमारे प्रयासों की सराहना की और कहा था कि देश को हम पर गर्व है ।’’
मारिन के मार्गदर्शन में भारतीय महिला हॉकी टीम तोक्यो ओलंपिक 2020 में 36 साल में दूसरी बार ओलंपिक खेलते हुए ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रही थी । कांस्य पदक के मुकाबले में उसे ब्रिटेन ने 4 . 3 से हराया था ।
हरेंद्र सिंह के इस्तीफे के बाद मारिन इस साल जनवरी में फिर महिला टीम के कोच के तौर पर लौटे ।
उन्हें यकीन है कि प्रधानमंत्री मोदी के इस भाषण के बाद अब विश्व कप में भारत के मैचों के दौरान स्टेडियम भरे रहेंगे ।
उन्होंने कहा ,‘‘ बिल्कुल । प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से भारतीय टीमों की हौसलाअफजाई के लिये कहा है जो बड़ी बात है । यह काफी उत्साहवर्धक है और भारतीय हॉकी के लिये अच्छा है । भारत का कोच होना इसलिये भी खास है क्योंकि भारत के प्रशंसक दुनिया भर में हैं ।’
मारिन ने खेलों में प्रधानमंत्री मोदी की रूचि की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेल एक शौक ही नहीं बल्कि इसके व्यापक प्रभाव हैं ।
उन्होंने कहा ,‘‘ खेल महज एक शौक नहीं है बल्कि यह एक व्यक्ति के तौर पर आपको गढता है । यह टीमवर्क, अनुशासन, दृढता, खुशी , लक्ष्य तय करना और उन्हें पाना सिखाता है । यह एक खेल खेलने से कहीं बढकर है ।’’
भाषा मोना नमिता
नमिता