अभिनंध पीबी चमके, यूटीटी सत्र के पहले मुकाबले में डेम्पो गोवा चैलेंजर्स ने यू मुंबा टीटी को हराया

Ads

अभिनंध पीबी चमके, यूटीटी सत्र के पहले मुकाबले में डेम्पो गोवा चैलेंजर्स ने यू मुंबा टीटी को हराया

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 10:16 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 10:16 PM IST

पणजी, नौ जुलाई (भाषा) युवा खिलाड़ी अभिनंध पीबी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत डेम्पो गोवा चैलेंजर्स ने अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के सातवें सत्र के उद्घाटन मुकाबले में यू मुंबा टीटी को 10-5 से हरा दिया।

अपने पूर्व क्लब के खिलाफ खेलते हुए अभिनंध ने विश्व रैंकिंग में 42वें स्थान पर काबिज फ्रांस के लिलियन बार्डे को एकतरफा मुकाबले में हराकर अपनी टीम को 3-0 की बढ़त दिलाई। अभिनंध ने बार्डे पर 11-6, 11-2, 11-3 से शानदार जीत दर्ज की।

यूटीटी ने अपने सातवें सत्र में ‘गोल्डन प्वाइंट’ नियम में बदलाव किया है। पारंपरिक टेबल टेनिस में 10-10 की बराबरी के बाद किसी खिलाड़ी या टीम को दो अंकों की बढ़त से जीतना होता है, लेकिन इस सत्र में 11वां अंक हासिल करने वाला खिलाड़ी या टीम सीधे विजेता घोषित होगी।

2026 एशियाई युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में अंडर-19 मिश्रित युगल कांस्य पदक और डब्ल्यूटीटी यूथ कंटेंडर में अंडर-19 एकल स्वर्ण पदक जीतने वाले अभिनंध ने जल्द ही दोबारा कोर्ट पर उतरकर अपनी टीम के लिए एक और जीत दर्ज की।

चेन्नई के इस खिलाड़ी ने गोवा चैलेंजर्स की पूर्व कप्तान बर्नाडेट स्जोक्स के साथ मिलकर भारत-ब्रिटेन की जोड़ी मानुष शाह और एना हर्सी को मिश्रित युगल में 11-7, 7-11, 11-6 से हराया।

इस जीत से गोवा चैलेंजर्स ने 8-1 की अजेय बढ़त बना ली।

इससे पहले महिला एकल में रोमानिया की बर्नाडेट स्जोक्स ने यू मुंबा की नित्या श्री मणि को 11-7, 11-9, 11-7 से हराकर अपनी टीम को 6-0 की मजबूत बढ़त दिलाई।

पुरुष एकल में भारत के मानुष शाह ने स्पेन के अल्वारो रोबल्स को कड़े मुकाबले में 11-10, 8-11, 11-4 से हराकर यू मुंबा टीटी के लिए कुछ सांत्वना अंक जुटाए।

एक अन्य महिला एकल मुकाबले में भारत की सिंड्रेला दास को एना हर्सी से हार मिली।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर

शीर्ष 5 समाचार